जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20I मैच में आक्रामक अर्धशतक लगाने के बाद, भारतीय महिला टीम की ओपनर शैफाली वर्मा ने रविवार को कहा कि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता लाने के लिए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के खेलने के तरीकों का विश्लेषण किया है। शैफाली की 25 गेंदों में 55 रनों की पारी की बदौलत भारत ने दूसरे T20I मैच में ज़िम्बाब्वे को 9 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान शैफाली ने कहा, "2025 में जब मैं घर पर थी, तो सोच रही थी कि मैं किन चीजों में सुधार कर सकती हूं। निरंतरता उनमें से एक थी, इसलिए मैंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को देखा और समझने की कोशिश की कि वे अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए क्या कर रही हैं।" दाएं हाथ की इस बल्लेबाज को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
कप्तान स्मृति मंधाना, जिन्होंने नाबाद 47 रन बनाए, इस बात से बहुत खुश थीं कि शैफाली ने एक अहम मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, "शैफाली अपना स्वाभाविक खेल खेल रही थी और मुझे सिंगल लेने में खुशी हो रही थी। और जब मुझे मौका मिला, तो मैंने उसका फायदा उठाया। हम इसी तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं।"
मंधाना टीम की बेहतर गेंदबाजी से भी काफी प्रभावित दिखीं। उन्होंने कहा, "आज का प्रदर्शन अच्छा रहा। गेंदबाजों ने आज सटीक गेंदबाजी की, जो पहले मैच के मुकाबले काफी बेहतर थी। दीप्ति, श्री चरानी और निक्की प्रसाद ने आकर दो विकेट भी लिए। हमने पिछले मैच के बाद चर्चा की थी, क्योंकि हमने पहले मैच में उन्हें बल्लेबाजी करते देखा था और हमारे पास कुछ योजनाएं थीं। अच्छी योजनाएं होना एक बात है, लेकिन उन्हें मैदान पर लागू करना ज़रूरी होता है, और आज गेंदबाजों ने बिल्कुल वैसा ही किया।"
ज़िम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन न्कोमो ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को खेलते हुए देखकर उन्हें खेल के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि भारतीय टीम ने बल्लेबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया। हम बस खड़े होकर उन्हें देखते रहे। सीखने के लिए बहुत कुछ है और सबसे अच्छा तरीका यही है कि आप देखें कि वे कैसे बल्लेबाजी करती हैं। अगर हम उनसे कुछ सीख सकें, तो यह हमारे लिए बहुत अच्छा होगा।"
