India vs Australia 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में 1 मार्च (बुधवार) से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया ने अपनी कमर कस ली है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border-Gavaskar Trophy) के इस तीसरे मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने जमकर अभ्यास किया है ताकि पहले से 2-0 की बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम इस मुकाबले में सीरीज को जीत के अंजाम तक पहुंचा सके। इसी तैयारी के बीच कुछ मस्ती भी हुई, जब भारतीय दिग्गज विराट कोहली (Virat Kohli) कुछ पल के लिए टीम के फील्डिंग कोच बन गए।
विराट कोहली मौजूदा समय में टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर के रूप में जाने जाते हैं। इस फिट खिलाड़ी ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में अभ्यास के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को कुछ समय के लिए कैचिंग का अभ्यास कराया। विराट कोहली बैट लेकर बीच में बैठे नजर आए और थ्रोडाउन पर खिलाड़ियों को कैच का अभ्यास देते दिखे।
इस दौरान दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने खूब मस्ती भी की और बाकी खिलाड़ी भी उनका साथ देते नजर आए। विराट कोहली की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से कोई बड़ी पारी नहीं आई है। अगर बात करें मौजूदा टेस्ट सीरीज की तो पहले टेस्ट मैच में वो एक पारी में 12 रन बनाकर आउट हुए थे। जबकि दूसरे मैच की पहली पारी में उन्होंने 44 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में 20 रन बनाए थे।
उधर, इंदौर के होल्कर स्टेडियम में एक और नजारा दिखा जब टीम इंडिया के दो बल्लेेबाज एक साथ अभ्यास करते नजर आए। ये लोगों के लिए एक दिलचस्प नजारा इसलिए था क्योंकि ये दोनों बल्लेबाज थे शुभमन गिल और लय से बाहर चल रहे केएल राहुल, दोनों खिलाड़ियों में से किसी एक को ही ओपनर के तौर पर एकादश में जगह मिलेगी।
