एशिया कप में बतौर फेवरेट शुरुआत करने वाली पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। लगातार दो हार झेलने वाली पाक टीम को न केवल एशिया कप से बाहर जाना पड़ा है, बल्कि आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भी उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ICC द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ नंबर 2 का स्थान हासिल कर लिया है। 118 रेटिंग प्वाइंट के साथ ऑस्ट्रेलिया की टीम नंबर वन पर काबिज है, जबकि 116 अंक के साथ टीम इंडिया दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। पाकिस्तान की टीम 115 अंक के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गई है।
लगातार दो हार का खामियाजा
पाकिस्तान को रैंकिंग में ये नुकसान लगातार दो हार झेलने के कारण हुआ। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया, जबकि टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 228 रन से करारी मात दी थी, जिसके कारण टीम का नेट रन रेट भी निगेटिव में चला गया। उस बड़ी हार के बाद पाकिस्तान की टीम एशिया कप में वापसी नहीं कर पाई।
टीम इंडिया के पास नंबर वन का मौका
टीम इंडिया के पास नंबर वन बनने का मौका है। यदि सुपर फोर के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को पटखनी दे दी और दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को हार का सामन करना पड़ा तो टीम इंडिया वनडे में नंबर वन बन सकती है। आपको बता दें कि T20I और टेस्ट क्रिकेट में पहले से ही नंबर वन पर काबिज है।
