क्रिकेट

टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे यादगार शॉटः विराट कोहली के इस शॉट के मुरीद हुए रिकी पोटिंग

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 7, 2022, 08:51 PM IST

Ricky Ponting in awe of virat kohli's straight six off haris rauf: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के पाकिस्तान के खिलाफ हारिस रउफ की गेंद पर जड़े गए छक्के से रिकी पोंटिंग इतना प्रभावित हैं कि उसे विश्व कप इतिहास का बेस्ट शॉट भी करार देने में देर नहीं की।

Image

विराट कोहली (AP)

विराट कोहली ने जब टी20 विश्व कप 2022 में कदम रखा तब सबकी नजरें उन पर ही टिकी थीं। एशिया कप में शानदार शतकीय पारी खेलने के बाद सभी की उम्मीदें बढ़ गई थीं कि पूर्व कप्तान ऑस्ट्रेलिया में अपनी पूरी लय में नजर आएगा। और आखिरकार लंबे समय बाद एक बार फिर विराट कोहली उसी रूप में दिखाई दिए जिसके लिए वो जाने जाते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 82 रनों की धमाकेेदार पारी से जो सफर शुरू हुआ वो एक-दो पारियों को छोड़कर लगातार अपना उग्र रूप लेता दिख रहा है।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच की बात करें तो उस मुकाबले में एक ऐसा मौका भी आया जब विराट ने दुनिया को दिखाया कि उनमें कितना क्रिकेट बाकी है और अपन कौशल का एक बहुत खूब नमूना पेश किया। ये मौका था जब पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रउफ आग उगल रहे थे। मैच के उस 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विराट ने शॉर्ट लेंथ गेंद को बेहद शानदार अंदाज में गेंदबाज के सिर के ऊपर से सीधे छक्के के लिए जड़ दिया।

इस शॉट को जिसने देखा वो दंग रह गया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान व अपने जमाने में शॉट्स के महारथी रह चुके रिकी पोंटिंग भी इस शॉट को देखकर दीवाने हो गए। उनका मानना है कि विराट के इस शॉट को टी20 विश्व कप इतिहास के सर्वश्रेष्ठ शॉट के रूप में याद किया जाएगा।

टी20 विश्व कप की वेबसाइट से बातचीत के दौरान रिकी पोंटिंग ने कहा, "ये शॉट वाइट बॉल क्रिकेट ना सही लेकिन टी20 विश्व कप इतिहास के सर्वश्रेष्ठ शॉट के रूप में याद किया जाएगा।" पोंटिंग के मुताबिक 19वें ओवर की अंतिम दो गेंदें बहुत अहम थीं क्योंकि पाकिस्तान अपने पेसर्स से सभी ओवर करा चुका था। भारतीय टीम पूरी गणित कर चुकी थी और उन्हें पता था कि अंतिम ओवर स्पिनर का ही होगा, जो बताता है कि 19वें ओवर की अंतिम दो गेंदें कितनी महत्वपूर्ण हो गई थीं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article