क्रिकेट

IPL 2026 में CSK की राह होगी मुश्किल, तेज गेंदबाज पूरे सीजन के लिए हुआ बाहर

चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2026 के आगाज से पहले बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। मथीशा पथिराना पहले ही टीम छोड़ चुके हैं। ऐसे में सीएसके के सामने डेथ ओवरों में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी की तलाश जारी है। टीम के सीईओ ने इसकी पुष्टि की है।

Image

आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई को लगा बड़ा झटका। फाइल फोटो

Nathan Ellis ruled out IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। ट्रेनिंग कैंप के दौरान हैमस्ट्रिंग के चलते ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंद नाथन एलिस पूरे सीजन के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज के समय पर फिट होने की संभावना कम है। उनकी अनुपस्थिति से गेंदबाजी में कमी आ गई है। खासकर डेथ ओवरों में जहां उनसे अहम भूमिका निभाने की उम्मीद थी। उन्होंने यह भी कहा कि रिप्लेसमेंट की तलाश की जा रही है।

एलिस को पारी को डेथ ओवर के गेंदबाज के रूप में देखा जा रहा था। क्योंकि, सीएसके पास मथीशा पथिराना नहीं हैं। पथिराना को केकेआर ने 18 करोड़ रुपये में मिनी ऑक्शन में खरीदा था। स्पोर्टस्टार से बात करते हुए विश्वनाथन ने कहा, 'यह हमारे लिए बहुत बड़ा झटका है। एलिस एक महत्वपूर्ण गेंदबाज हैं, खासकर डेथ ओवरों में। हम उनके विकल्प तलाश रहे हैं।'

मैट हेनरी को प्लेइंग इलेवन में मिल सकती है जगह

एलिस के चोटिल होने के कारण चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन में मैट हेनरी के शामिल होने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज का T20I मैचों में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने 43 मैचों में 8.50 की इकॉनमी रेट से 53 विकेट लिए हैं। हालांकि, आईपीएल में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने आखिरी बार 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेला था, जहां उन्होंने चार मैचों में 9.16 की इकॉनमी रेट से सिर्फ एक विकेट लिया था।

जेमी ओवरटन को शामिल करने पर विचार

हेनरी नई गेंद से अपनी काबिलियत के लिए जाने जाते हैं, लेकिन डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने में उन्हें संघर्ष करना पड़ा है। हालांकि, सीएसके को डेथ ओवर में गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज की तलाश है। नतीजतन, ऋतुराज गायकवाड़ की टीम इंग्लैंड के जेमी ओवरटन को टीम में शामिल करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, ओवरटन, पथिराना की तरह सीएसके के लिए पिछले सीजनों में उतना प्रभावशाली खिलाड़ी नहीं हैं।

सीएसके का आईपीएल 2026 शेड्यूल

चेन्नई आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद वे क्रमशः 3, 5 और 11 अप्रैल को पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेंगे। पिछले साल टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। वह प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर रही थी। इस सीजन के लिए सीएसके ने अपनी टीम को मजबूत बनाया है। खासकर ऑलराउंडरों पर विशेष ध्यान दिया है। साथ ही यंग खिलाड़ियों की फौज तैयार की है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article