क्रिकेट की दीवानगी बच्चों से लेकर बुजुर्ग लोगों तक में है और करोड़ों क्रिकेट फैंस इस दीवानगी के गवाह हैं। कई बार बच्चे टीवी पर मैच में जो देखते हैं, मैदान पर खेलते समय वैसा ही करने का प्रयास भी करते हैं, फिर चाहे वो क्रिकेट शॉट हो या फील्डिंग व गेंदबाजी करने के अनोखे-अनोखे अंदाज। लेकिन कुछ बच्चे क्रिकेट कमेंट्री की नकल करने का भी बखूबी प्रयास करते हैं। ऐसा ही एक वीडियो पोस्ट किया है पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनफ पटेल ने, जो खूब वायरल हो रहा है।
मुनफ पटेल ने एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है जिसमें कुछ बच्चे एक क्रिकेट मैच को देखते हुए मैदान के किनारे लगे सेटअप में बैठे हैं और माइक पर कमेंट्री करते नजर आ रहे हैं। उन्हें जो कुछ मैच में नजर आ रहा है, हर चीज को बारीकी से बताने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो कहां का है ये तो स्पष्ट नहीं है लेकिन इन बच्चों को देखकर फैंस खूब कमेंट्स कर रहे हैं।
ये है मुनफ पटेल द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो
इस वीडियो के साथ मुनफ पटेल ने लिखा है, "नए कमेंटेटर आ गए हैं भाई मार्केट में, क्या बोलती पब्लिक।" इस वीडियो को हजारों लाइक्स मिल रहे हैं और तमाम फैंस ने कमेंट्स भी किए हैं। कुछ ने इनको भविष्य का कमेंटेटर करार दिया, तो कुछ ने मजाक में ये तक लिख दिया कि संजय मांजरेकर और आकाश चोपड़ा जैसे दिग्गज कमेंटेटर्स की नौकरी गई।
