मुंबई। मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने मंगलवार को कहा कि रोहित शर्मा आईपीएल 2026 से पहले काफी फिट और पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने कौशल पर जमकर काम किया है।
जयवर्धने ने एमआई जूनियर 2026 फाइनल्स के दौरान कहा, 'उन्होंने काफी मेहनत की है। पिछले सप्ताह उन्होंने अपने कौशल पर काफी काम किया और अभ्यास शिविर के पहले दिन से ही हमारे साथ जुड़ गए। नेट सत्र में वह लय में दिख रहे हैं।'
रोहित शर्मा का नया रूप
उन्होंने कहा, 'यह रोहित का नया रूप है (काफी फिट और पूरी तरह समर्पित)। मैं उनसे आगे बढ़कर नेतृत्व करने की उम्मीद कर रहा हूं।' जयवर्धने ने सूर्यकुमार यादव की भी तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय टी20 कप्तान अपनी व्यक्तिगत फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप में टीम को रिकॉर्ड तीसरा खिताब दिलाने में सूर्यकुमार की कप्तानी सराहनीय रही।
उन्होंने कहा, 'सूर्यकुमार को अपनी फॉर्म की ज्यादा चिंता नहीं है। वह कमाल के खिलाड़ी हैं और सही समय पर योगदान देते हैं। हां, निरंतरता एक पहलू है जिस पर वह काम करना चाहेंगे, लेकिन जिस तरह उन्होंने टीम का नेतृत्व किया, वह काबिले-तारीफ है।'
बुमराह की तारीफ की
जयवर्धने ने जसप्रीत बुमराह की भी जमकर सराहना की और कहा कि वह एक खास खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा, 'बुमराह की कार्यशैली और खेल को समझने का तरीका अलग है। विश्व कप के अहम मौकों पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा।' उन्होंने कहा कि भारत ने टूर्नामेंट के अंतिम चरण में बेहतरीन प्रदर्शन किया और पुरुषों के टी20 विश्व कप तथा महिला वनडे विश्व कप की जीत से नई पीढ़ी और खासकर एमआई जूनियर शिविर के खिलाड़ियों को काफी प्रेरणा मिल रही है।
जयवर्धने ने कहा, 'महिला टीम और पुरुष टीम दोनों की विश्व कप जीत ने एक पीढ़ी को प्रेरित किया है। हमारे पास रोहित, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार, तिलक वर्मा और बुमराह जैसे खिलाड़ी हैं, जो युवाओं को प्रेरित करते हैं।'
कोच के सामने प्लेइंग इलेवन चुनने की समस्या
उन्होंने कहा कि विश्व कप जैसे कठिन टूर्नामेंट में हर खिलाड़ी को जिम्मेदारी उठानी होती है और भारतीय टीम ने ऐसा ही किया, जिसके कारण उसे सफलता मिली। श्रीलंका के इस पूर्व दिग्गज ने कहा कि टीम चयन को लेकर उनके सामने सुखद समस्या है, क्योंकि टीम में कई शीर्ष खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनमें विल जैक्स और मिचेल सैंटनर शामिल हैं।
उन्होंने कहा, 'यह अच्छी समस्या है। जैक्स के अलावा शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक और सैंटनर जैसे खिलाड़ी हमारे पास हैं। हमने विश्व कप से पहले ही एक मजबूत टीम तैयार कर ली थी।'
विदेशी खिलाड़ियों को दिया गया है अतिरिक्त आराम
जयवर्धने ने बताया कि मुंबई इंडियंस ने विश्व कप विजेता भारतीय खिलाड़ियों को अतिरिक्त आराम दिया है। उन्होंने कहा, 'आईपीएल का सत्र लंबा होता है, इसलिए हमने अपने विश्व कप खिलाड़ियों को थोड़ा अतिरिक्त ब्रेक दिया है। वे अगले सप्ताह टीम से जुड़ेंगे। विदेशी खिलाड़ी भी वापस आएंगे और शुरुआती मैच से पहले एक सप्ताह का अभ्यास करेंगे।'
