क्रिकेट

ICC Rankings: स्मृति मंधाना की वनडे में बादशाहत, हरमनप्रीत कौर टॉप-5 के और करीब पहुंची

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं, जबकि उप-कप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष स्थान पर कायम हैं। वहीं, न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने भी रैंकिंग में छलांग लगाई है।

Image

स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर। फाइल फोटो

दुबई। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं, जबकि उप-कप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष स्थान पर कायम हैं। रैंकिंग में यह बदलाव न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन के दो स्थान फिसलकर नौवें नंबर पर आने के बाद हुआ। भारत की जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर बरकरार हैं।

न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 'आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज' के अंतिम मैच में 94 रनों की शानदार पारी खेलकर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। 33 वर्षीय ग्रीन की डुनेडीन में खेली गई 73 गेंदों की पारी की बदौलत उनकी टीम ने 200 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ किया।

अमेलिया केर ने लगाई छलांग

इस प्रदर्शन से वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर 610 रेटिंग अंकों के साथ 17वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। न्यूजीलैंड की हरफनमौला अमेलिया केर ने आखिरी वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 रन बनाने के साथ 22 रन देकर पांच विकेट झटके और 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार अपने नाम किया।

इस बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया। इस प्रदर्शन से केर 21वें स्थान से संयुक्त 19वें स्थान पर पहुंच गई हैं और बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी दोनों में 600 से अधिक रेटिंग अंक हासिल किए हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड की इसाबेल गेज भी तीन स्थान की छलांग लगाकर 61वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, तेज गेंदबाज रोजमेरी मेयर सात स्थान ऊपर चढ़कर 58वें और ब्री इलिंग पांच स्थान की बढ़त के साथ 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

टी20 रैंकिंग

टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में कप्तान अमेलिया केर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ माउंट माउंगानुई में खेले गए पहले मुकाबले में 44 गेंदों पर 78 रन की पारी खेलकर करियर के सर्वश्रेष्ठ 694 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में आठवें स्थान पर बरकरार हैं। जॉर्जिया प्लिमर ने 63 रन की पारी खेलकर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है और वह 50वें से 41वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में जेस केर ने 13 रन देकर दो विकेट लेने के प्रदर्शन के दम पर 11 स्थान की छलांग लगाकर 23वां स्थान हासिल किया है। वहीं, सोफी डिवाइन ने करियर के सर्वश्रेष्ठ 12 रन देकर चार विकेट झटके, जिससे वह 104वें स्थान से 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article