क्रिकेट

आईपीएल 2026 से पहले हुआ केएल राहुल का प्रमोशन, मिली बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से ओपनिंग करने के लिए तैयार हैं। वह टीम की विकेटकीपिंग भी संभालेंगे। पिछले सीजन ओपनर्स के खराब प्रदर्शन के चलते दिल्ली कैपिटल्स के थिंक टैंक को सोचने का मौका मिला।

Image

केएल राहुल का हुआ प्रमोशन। फोटो- PTI

IPL 2026: आईपीएल की तैयारियों में जुटी सभी टीमें अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं। ऐसे में खबर हैं कि केएल राहुल से दिल्ली कैपिटल्स ओपनिंग करवाने की तैयारी में है। पिछले सीजन जैक फ्रेजर मैकगर्क के फेल होने के बाद दिल्ली के थिंक टैंक ने इस पर बहुत गंभीरता से सोच विचार किया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 33 साल के केएल राहुल आईपीएल के आगामी सीजन में ओपनिंग कर सकते हैं। पिछले साल केएल राहुल ने मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी संभाली थी। साल 2025 में जैक फ्रेजर-मैकगर्क के फेल होने के बाद केएल राहुल को बल्लेबाजी में प्रमोट किया जा रहा है ताकि दिल्ली को अच्छी शुरुआत मिल सके।

पिछले सीजन की नंबर-4 पर बल्लेबाजी

पिछले सीजन के ज्यादातर मैचों में राहुल नंबर 4 पर बैटिंग करने उतरे। यह पोजिशन सीजन शुरू होने से पहले ही तय कर ली गई थी, लेकिन 11 लीग मैचों के बाद इसमें सुधार किया गया। पोजिशन में इस बदलाव का तुरंत फायदा मिला, जब राहुल ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 65 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए।

प्रमोशन होने पर जड़ा शतक

हालांकि, यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी, क्योंकि शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने 200 रन का लक्ष्य 10 विकेट शेष रहते और एक ओवर बाकी रहते ही हासिल कर लिया। पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी राहुल ही थे। उन्होंने 13 मैचों में 539 रन बनाए थे। राहुल का स्ट्राइक रेट 149.72 रहा, जो 2018 के सीजन के बाद से उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था।

चैंपियन बनने की तैयारी में दिल्ली

दिल्ली कैपिटल्स ने दिल्ली और हैदराबाद में आगामी सीजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हेमांग बदानी की कोचिंग में और क्रिकेट डायरेक्टर वेणुगोपाल राव की देख रेख में टीम इस सीजन ट्रॉफी के सूखे को खत्म करने की तैयारी में जुटी हुई है। वहीं, ऑक्शन में ही दिल्ली ने कुछ अच्छे खिलाड़ियों को खरीद कर अपना स्क्वाड और मजबूत किया है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article