क्रिकेट

क्या विराट लगा पाएंगे 100 अंतरराष्ट्रीय शतक, अजिंक्य रहाणे ने संभावनाओं पर दिया जवाब

विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम वनडे में अपना 86वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। इस शतकीय पारी के बाद फिर से एक बार चर्चा शुरू हो गई है कि क्या किंग कोहली सचिन के 100 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं। अब इस पर रहाणे ने प्रतिक्रिया दी है।

Image

विराट कोहली (साभार-X)

वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 86वां शतक जड़ा। उन्होंने 88 गेंद में 10 चौके और 9 छक्के की मदद से 139 रन की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने 296 रन का मुश्किल लक्ष्य 41.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। विराट के हालिया प्रदर्शन ने एक बार फिर से इस डिबेट का जन्म दे दिया है कि क्या वह सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। इस सवाल का जवाब दिया है अजिंक्य रहाणे ने, उन्होंने बताया कि इस बात की संभावना कितनी है?

क्या विराट पूरा करेंगे 100 अंतरराष्ट्रीय शतक

अजिंक्य रहाणे की मानें तो विराट अगर ठान लें तो कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा 'मुझे लगता है कि जब विराट कोहली खुद पर दबाव डालते हैं, तभी वे अपना बेस्ट देते हैं। अब तक उन्होंने हर पारी में ऐसा ही किया है। यही वजह है कि वे इतने सालों से लगातार ऐसा कर पा रहे हैं। अगर वे 100 शतकों के बारे में सोचते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है, क्योंकि उनके आइडियल सचिन तेंदुलकर रहे हैं। इसलिए, मुझे यकीन है कि वे इसके बारे में सोच रहे होंगे। अगर वे इसके बारे में सोचते हैं, तो यह उपलब्धि सिर्फ विराट कोहली ही हासिल कर सकते हैं।'

2027 में खेलेंगे आखिरी वर्ल्ड कप

वनडे वर्ल्ड कप 2027 की चर्चा के बीच विराट कोहली ने ऐलान कर दिया है कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा और इसमें वह पूरी जान लगा देंगे। वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की मेजबानी में खेला जाएगा, जहां विराट जैसे खिलाड़ी का टीम में होना किसी भी टीम के लिए लग्जरी से कम नहीं है। उम्र के इस पड़ाव पर विराट अपने प्राइम फेज में हैं। पिछले 10 वनडे इनिंग में यह उनका चौथा शतक था। वह इस साल इस फॉर्मेट में रन बनाने के मामले में गिल के बाद दूसरे नंबर पर हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article