शहर

Ahmedabad: सड़क-फुटपाथ पर फल-सब्जी बेचने पर पूरी तरह रोक, AMC की सख्त चेतावनी, नियम तोड़ा तो होगी जब्ती

Ahmedabad News: अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) ने सड़क और फुटपाथ पर फल-सब्जी बेचने पर बैन लगा दिया है। उल्लंघन करने पर लारी ज़ब्त और भारी जुर्माने की चेतावनी दी गई है।

Image

केवल तय मार्केट में मिलेगी अनुमति (सांकेतिक चित्र)

Photo : PTI

Ahmedabad News: गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने और पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) ने बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। नगर निगम ने शहर की मुख्य सड़कों, फुटपाथों और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों में फल एवं सब्जियां बेचने पर तत्काल प्रभाव से सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। AMC के एस्टेट विभाग ने इस संबंध में शहर के सभी फल-सब्जी स्ट्रीट वेंडर्स को नोटिस जारी कर सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथ पर दुकानें न सजाने की हिदायत दी है।

सड़कों पर दुकानें लगाने से ट्रैफिक की गंभीर समस्या

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और फुटपाथों पर अव्यवस्थित तरीके से लारी खड़ी करने के कारण रोज़ाना भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा होती है। इसके अलावा, फुटपाथों पर वेंडर्स के कब्जे की वजह से आम राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए AMC ने सभी स्ट्रीट वेंडर्स को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे अपनी बिक्री गतिविधियां केवल नगर निगम द्वारा निर्धारित 'वेजिटेबल मार्केट' और तय किए गए वेंडिंग जोन में ही करें।

उल्लंघन करने पर माना जाएगा गैरकानूनी अतिक्रमण

AMC द्वारा जारी नोटिस में साफ लहजे में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी वेंडर सार्वजनिक सड़क या फुटपाथ पर फल या सब्जी बेचता हुआ पाया गया, तो उसे गैरकानूनी अतिक्रमण माना जाएगा। ऐसे वेंडर्स के खिलाफ नगर निगम द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसमें वेंडर्स का सामान और ठेला तत्काल ज़ब्त करना, भारी वित्तीय जुर्माना लगाना, और दोबारा होने पर वैधानिक कार्रवाई करना शामिल है।

AMC की वेंडर्स से अपील

AMC के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (एस्टेट) ने शहर के सभी फल और सब्जी विक्रेताओं से इस नोटिस को पूरी गंभीरता से लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपील की है कि शहर की नागरिक सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने में सभी वेंडर्स प्रशासन का सहयोग करें और केवल निर्धारित बाजारों से ही अपना कारोबार संचालित करें।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article