शहर

डॉटर्स डे पर 150 से ज्यादा युवतियों के साथ जुड़ी दक्षिण जिला पुलिस,डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने किया जागरुक

देश में डॉटर्स डे हर साल सितंबर महीने के चौथे रविवार को मनाया जाता है। इस साल यह 27 सितंबर 2026 को मनाया गया है। यह दिन माता-पिता को अपनी बेटियों के प्रति प्यार, गर्व और स्नेह व्यक्त करने का अवसर देता है।

Image

डॉटर्स डे पर 150 से ज्यादा युवतियों के साथ जुड़ी दक्षिण जिला पुलिस

डॉटर्स डे के अवसर पर दक्षिण जिला पुलिस ने 150 से अधिक युवतियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में खासतौर पर उन युवतियों को शामिल किया गया, जो पढ़ाई या नौकरी के कारण अपने परिवार से दूर दिल्ली में रह रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें सुरक्षा के साथ-साथ भरोसे और अपनापन का एहसास कराना था।

डीसीपी साउथ अनंत मित्तल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली पैरालंपिक कमेटी की अध्यक्ष पारुल सिंह ने भी युवतियों से संवाद किया। इस दौरान करियर काउंसलिंग सत्र में इनकम टैक्स की ज्वाइंट कमिश्नर पारुल गौर मित्तल, एसीपी सीआर पार्क कीर्ति यादव और एसीपी महरौली योगिता शर्मा ने युवतियों को करियर से जुड़े विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया गया। युवतियों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग देकर आपात स्थिति में खुद की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।

कार्यक्रम में टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवतियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवतियों और पुलिस के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में परिवार से दूर रहने वाली युवतियों को यह भरोसा होना चाहिए कि किसी भी परेशानी या जरूरत के समय पुलिस उनके साथ खड़ी है।

बता दें कि देश में डॉटर्स डे हर साल सितंबर महीने के चौथे रविवार को मनाया जाता है। इस साल यह 27 सितंबर 2026 को मनाया गया है। यह दिन माता-पिता को अपनी बेटियों के प्रति प्यार, गर्व और स्नेह व्यक्त करने का अवसर देता है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article