Ishan Kishan Captain SRH: ईशान किशन आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे। वह पैट कमिंस की जगह ले रहे हैं, जो अभी तक पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इस दौरान अभिषेक शर्मा किशन के उप-कप्तान के रूप में रहेंगे।
एसआरएच ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की है। एसआरएच ने लिखा कि यह व्यवस्था केवल अस्थायी है और नियमित कप्तान कमिंस पूरी तरह फिट होने के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी फिर से संभाल लेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद ने एक सोशल मीडिया पर इसको लेकर एक पोस्ट किया है।
23 मार्च को टीम से जुड़ेंगे पैट कमिंस
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कमिंस कितने मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन यह समझा जाता है कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान 23 मार्च को एसआरएच कैंप में पहुंचेंगे। उम्मीद है कि वह भारत में फ्रेंचाइजी के साथ रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, पैट कमिंस सीजन के पहले तीन मैच नहीं खेल पाएंगे।
28 मार्च को पहला मैच
एसआरएच अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करेगी। उनका दूसरा मैच भी बाहर ही होगा, जो 2 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला जाएगा। इसके बाद वे 5 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर वापसी करेंगे।
पैट कमिंस ने की है 30 मैच में कप्तानी
पैट कमिंस ने हैदराबाद के लिए 30 मैच में कप्तानी की है। इस दौरान 15 मैच जीते और 14 मैच गंवाए और एक मैच का कोई रिजल्ट नहीं निकला। साल 2024 में पैट कमिंस की कप्तानी में हैदराबाद फाइनल में पहुंची थी। जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली केकेआर ने मात देकर खिताब जीता था। साल 2025 में एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर रही थी।
सीनियर हैं ईशान किशन
ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीत में अपना योगदान दिया है। फाइनल में इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। ईशान किशन (119) को आईपीएल में अभिषेक शर्मा (77) से ज्यादा मैच खेलने का अनुभव है। वहीं, ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी।
