Australia vs England 1st ODI Match Highlights: टी20 विश्व कप 2022 के बाद ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें वनडे क्रिकेट में एक-दूसरे को चुनौती देने के लिए गुरुवार को पहली बार आमने-सामने आईं। एडिलेड के मैदान पर खेले गए सीरीज के पहले वनडे मैच में काफी कुछ हुआ और अंत में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली। मुकाबले में इंग्लैंड की तरफ से डाविड मलान ने शतक जड़ा लेकिन ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की पारी डाविड मलान के इर्द-गिर्द घूमती रही। उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए जिससे वह 300 रन तक पहुंचने में नाकाम रहा। मलान के बाद दूसरा सर्वोच्च स्कोर नौवें नंबर के बल्लेबाज डेविड विली (नाबाद 34) का रहा। मलान ने 128 गेंदों पर 134 रन की आकर्षक पारी खेली जिसमें 12 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उनको हालांकि दूसरे छोर से मदद नहीं मिली जिसके कारण इंग्लैंड 9 विकेट पर 287 रन ही बना सका। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की तरफ से तेज गेंदबाज कमिंस और स्पिनर एडम जंपा ने तीन-तीन विकेट लिए।
आरोन फिंच के संन्यास लेने के बाद पैट कमिंस की अगुवाई में पहला वनडे मैच खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को डेविड वॉर्नर और ट्रेविस हेड ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करके मजबूत नींव रखी। बाद में स्मिथ ने बखूबी जिम्मेदारी संभाली। वॉर्नर और हेड ने अपनी पारियों में समान 10 चौके और एक छक्का लगाया जबकि स्मिथ की पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल है।
ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों डेविड वॉर्नर (86), ट्रेविस हेड (69) और स्टीव स्मिथ (नाबाद 80) के अर्धशतकों की मदद से 46.5 ओवर में चार विकेट पर 291 रन बनाकर तीन मैचों की सीरीज में शुरुआती बढ़त हासिल की। हालांकि इस मुकाबले के बाद 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब इंग्लैंड के शतकवीर डाविड मलान को दिया गया।
