क्रिकेट

IPL 2023: एसए20 में टीम को खिताब दिलाने वाले खिलाड़ी को ही मिली सनराइजर्स हैदराबाद की कमान

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Feb 23, 2023, 12:57 PM IST

Sunrisers Hyderabad New Captain: सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। टीम ने एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एडन मार्करम पर भरोसा जताया। पिछले दिनों एडन मार्करम की कप्तानी में टीम ने एसए20 टूर्नामेंट में खिताब पर कब्जा जमाया था।

Image

एडम मार्करम। (Instagram)

IPL 2023 Sunrisers Hyderabad: आईपीएल की एक बार की चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरुवार को अपने नए कप्तान के नाम पर मुहर लगा दी है। दक्षिण अफ्रीका के 28 साल के बल्लेबाज एडन मार्करम को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। मार्करम केन विलियम्सन की जगह लेंगे। केन विलियम्सन इस बार आईपीएल में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटंस से खेलेंगे। मार्करम सनराइजर्स हैदराबाद के अलावा पंजाब किंग्स से आईपीएल में खेल चुके हैं।

मार्करम की कप्तानी चैम्पियन बनी थी टीम

आईपीएल की तरह दक्षिण अफ्रीका में इस बार एसए20 टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें आईपीएल की मालिकाना हक रखने वाली छह टीमें उतरी थी। एडन मार्करम की कप्तानी में सनराइजर्स ईस्टर्न केप टीम एसए20 में उतरी थी और खिताब पर कब्जा भी जमाया। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने प्रिटोरिया कैपिटल्स को 4 विकेट से हराया था। इस मुकाबले में मार्करम ने ऑलराउंड प्रदर्शन कर टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी। मार्करम ने 19 गेंद पर 26 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिए थे। मार्करम ने आईपीएल के 20 मैचों में 134.10 की स्ट्राइक रेट से कुल 527 रन बनाए हैं। इसमें तीन अर्धशतक भी शामिल है।

लंबे समय तक कप्तान रहने का रिकॉर्ड इनके नाम

सनराइजर्स हैदराबाद की कमान अभी तक आठ खिलाड़ी संभाल चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वॉर्नर के नाम है। वे 2015 से 2021 तक कुल 67 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें से 35 मुकाबले में जीत मिली और 30 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दो मैच टाई भी रहे। वॉर्नर की कप्तानी में ही टीम 2016 में चैम्पियन भी बनी थी। इसके बाद केन विलियम्सन ने 2018 से 2022 तक कुल 46 मैचों में कप्तानी की। उन्होंने टीम को 22 मैचों में जीत दिलाई, जबकि 23 मैचों में हार भी झेलनी पड़ी और एक मैच टाई भी रहा था।
शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article