Chandra Gochar in Dhanu Rashi 2026: 22 अगस्त 2026, शनिवार को दोपहर 2 बजकर 48 मिनट पर चंद्रमा धनु राशि में प्रवेश कर चुके हैं। धनु राशि गुरु की राशि है, इसलिए चंद्रमा का यहां आना सोच, भाग्य, शिक्षा, करियर की दिशा, यात्रा और भविष्य की योजनाओं से जुड़े मामलों को सक्रिय करता है। इस गोचर को खास बनाने वाली बात यह है कि धनु राशि के चंद्रमा पर मिथुन में बैठे मंगल की सप्तम दृष्टि पड़ रही है, जबकि मीन राशि में वक्री शनि की दशम दृष्टि भी धनु पर है। ग्रहों की यह स्थिति एक तरफ काम करने की ऊर्जा बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ उस ऊर्जा को सही दिशा देने का दबाव भी बना रही है। इसका सबसे अच्छा असर उन राशियों पर पड़ रहा है जिनके लिए धनु का चंद्रमा भाग्य, रचनात्मकता, प्रयास, लाभ और करियर जैसे मजबूत भावों को सक्रिय कर रहा है। आइए जानते हैं कि यह गोचर किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा।
मेष राशि वालों के लिए चंद्रमा नौवें भाव में पहुंच चुके हैं। नौवां भाव भाग्य, उच्च शिक्षा, गुरु, पिता, लंबी दूरी की यात्रा और बड़े अवसरों से जुड़ा होता है। ऐसे में पिछले कुछ समय से जिस काम को लेकर इंतजार चल रहा था, उसमें अब आगे बढ़ने का रास्ता खुल सकता है। नौकरी में किसी सीनियर या अनुभवी व्यक्ति की मदद मिल सकती है। विदेश, दूसरे शहर, उच्च शिक्षा या किसी नए कोर्स से जुड़ी योजना आगे बढ़ सकती है। लंबे समय से करियर में बदलाव के बारे में सोच रहे जातकों को भी कोई ऐसा मौका मिल सकता है, जिससे डिसीजन लेना आसान हो। मंगल की दृष्टि मेष राशि वालों का उत्साह बढ़ाएगी और काम को जल्दी पूरा करने की इच्छा भी मजबूत होगी। यही ऊर्जा सही दिशा में लगाई गई तो शानदार परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि जल्दबाजी में किसी सीनियर से बहस करना या बिना पूरी जानकारी के डिसीजन लेना नुकसान दे सकता है। मेष राशि के लिए यह चंद्र गोचर भाग्य को सक्रिय करने और रुके हुए काम को गति देने वाला साबित हो सकता है।
सिंह राशि के लिए चंद्रमा पांचवें भाव में पहुंचे हैं। पांचवां भाव बुद्धि, शिक्षा, प्रेम, संतान, क्रिएटिविटी और नए आइडिया का होता है। इस वजह से विद्यार्थियों और क्रिएटिव फील्ड से जुड़े लोगों के लिए यह गोचर विशेष रूप से अच्छा माना जा सकता है। पढ़ाई कर रहे लोगों को किसी कठिन विषय को समझने का नया तरीका मिल सकता है। लेखन, मीडिया, कंटेंट, एंटरटेनमेंट, डिजाइन और दूसरे क्रिएटिव कामों से जुड़े लोगों के दिमाग में नए आइडिया आ सकते हैं। कोई पुराना प्रोजेक्ट नए तरीके से दोबारा शुरू करने का मौका भी मिल सकता है। सिंह राशि में सूर्य और केतु की मौजूदगी के कारण मन में कभी-कभी यह भ्रम बन सकता है कि फैसला तुरंत लेना जरूरी है। चंद्रमा की सकारात्मक स्थिति इस समय आपकी सोच को विस्तार दे रही है, इसलिए किसी भी बड़े डिसीजन से पहले पूरी तस्वीर देखना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। सिंह राशि वालों के लिए यह गोचर टैलेंट को पहचान दिलाने और नई सोच को काम में बदलने का अच्छा मौका दे रहा है।
तुला राशि वालों के लिए चंद्रमा तीसरे भाव में पहुंचे हैं। तीसरा भाव साहस, लेखन, कम्युनिकेशन, मीडिया, मार्केटिंग, नेटवर्किंग और छोटे सफर से जुड़ा है। यही वजह है कि तुला राशि वालों के काम में अचानक सक्रियता बढ़ सकती है। डिजिटल मीडिया, पत्रकारिता, कंटेंट, मार्केटिंग, सेल्स और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को अपने काम के जरिए नई पहचान या नई ऑपरच्युनिटी मिल सकती है। किसी पुराने कॉन्टैक्ट से दोबारा बातचीत शुरू हो सकती है और वही संपर्क आगे चलकर काम का रास्ता खोल सकता है। मंगल की दृष्टि आपके प्रयासों में तेजी दे रही है। आप जो काम लंबे समय से टाल रहे थे, उसे पूरा करने का मन बनेगा। बातचीत में कॉन्फिडेंस बढ़ेगा और अपनी बात रखने की क्षमता मजबूत होगी। बस बहुत तेज प्रतिक्रिया देने से बचना होगा। तुला राशि के लिए यह गोचर मेहनत को नतीजे में बदलने और कम्युनिकेशन के जरिए नए अवसर हासिल करने वाला है।
कुंभ राशि वालों के लिए चंद्रमा ग्यारहवें भाव में पहुंचे हैं। ग्यारहवां भाव आय, लाभ, नेटवर्क, बड़े संपर्क और इच्छापूर्ति का भाव है। यही स्थिति इस गोचर को कुंभ राशि के लिए बेहद खास बना रही है। नौकरी में किसी सीनियर, दोस्त या पुराने कॉन्टैक्ट के जरिए नया मौका मिल सकता है। बिजनेस करने वालों को पुराने क्लाइंट से दोबारा काम मिलने की संभावना है। किसी ऐसे प्रोजेक्ट से फायदा मिल सकता है जिसके बारे में काफी समय से कोशिश की जा रही थी। आय के किसी अतिरिक्त सोर्स पर काम शुरू करने का विचार भी मजबूत हो सकता है। हालांकि राहु के प्रभाव के कारण हर आकर्षक ऑपरच्युनिटी को तुरंत स्वीकार करना ठीक नहीं होगा। किसी नई डील, पार्टनरशिप या इन्वेस्टमेंट से पहले उसकी पूरी जानकारी जांच लें। कुंभ राशि वालों के लिए यह गोचर लाभ और नई ऑपरच्युनिटी के लिहाज से सबसे मजबूत स्थितियों में है।
मीन राशि वालों के लिए चंद्रमा दसवें भाव में पहुंचे हैं। दसवां भाव करियर, नौकरी, बिजनेस, प्रतिष्ठा और जिम्मेदारी का सबसे महत्वपूर्ण भाव माना जाता है। ऐसे में 22 अगस्त के बाद कामकाज से जुड़े मामलों में हलचल बढ़ना स्वाभाविक है।पेंडिंग प्रोजेक्ट आगे बढ़ सकते हैं। ऑफिस में आपकी जिम्मेदारी बढ़ सकती है या किसी महत्वपूर्ण काम की कमान आपके हाथ में आ सकती है। सीनियर अधिकारी आपके काम पर ध्यान दे सकते हैं। बिजनेस करने वालों के लिए भी कोई पुराना काम दोबारा सक्रिय होकर फायदा दे सकता है। मीन राशि में वक्री शनि पहले से मौजूद हैं और धनु में पहुंचे चंद्रमा पर उनकी दशम दृष्टि पड़ रही है। इससे काम का दबाव जरूर रहेगा, लेकिन यही दबाव आपकी क्षमता को सामने लाने का मौका भी देगा। लंबे समय से मेहनत कर रहे जातकों को अब अपने काम का असर दिखाई देना शुरू हो सकता है। मीन राशि वालों के लिए यह गोचर करियर में पहचान, नई जिम्मेदारी और लंबे समय से चल रही मेहनत को परिणाम में बदलने वाला साबित हो सकता है।
यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।