मुंबई: मुंबई इंडियंस ने शनिवार को जुबिन भरूचा को अपनी फ्रेंचाइजी का प्रदर्शन निदेशक नियुक्त किया जो फ्रेंचाइजी के पूरे तंत्र में नेतृत्व टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। मुंबई और सरे के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके भरूचा अब पांच बार की आईपीएल विजेता टीम मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका लंबा कार्यकाल समाप्त हो गया जिसमें उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।
एमआई के वैश्विक पर्फॉर्मेंस डायरेक्टर
मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा,'जुबिन भरूचा प्रदर्शन निदेशक के तौर पर मुंबई इंडियंस से जुड़ रहे हैं और फ्रेंचाइजी के पूरे तंत्र में प्रदर्शन से जुड़े सभी क्षेत्र में नेतृत्व समूह के साथ मिलकर काम करेंगे। जुबिन मुंबई इंडियंस के मौजूदा सहयोगी स्टाफ के साथ जुड़ेंगे और खिलाड़ी विकास में निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने के मुंबई इंडियंस के स्थापित दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएंगे।' भरूचा ने राजस्थान रॉयल्स में टीम निदेशक, क्रिकेट प्रमुख और क्रिकेट संचालन एवं 'हाई परफॉर्मेंस' निदेशक सहित विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी जैसे भारतीय खिलाड़ियों के विकास में भी अहम भूमिका निभाई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मेरा काम ट्रॉफी जीतना, ट्रोलर्स को गौतम गंभीर का करारा जवाब
छूटा रॉयल्स के साथ 18 का साथ
56 वर्षीय जुबिन की देखरेख में राजस्थान रॉयल्स ने कई युवा भारतीय स्टार्स को उभरते हुए देखा, जिनमें संजू सैमसन, रियान पराग, यशस्वी जायसवाल और हाल ही में वैभव सूर्यवंशी शामिल हैं। वह राजस्थान रॉयल्स के साथ साल 2008 में बतौर टीम डायरेक्टर जुड़े थे और 18 साल बाद वो फ्रेंचाइजी से अलग हुए हैं। अब वह मुंबई इंडियन्स के लिए महेला जयवर्धने और उनकी कोचिंग टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। मुंबई इंडियन्स की टीम 2020 के बाद से चल रहे खिताबी सूखे को खत्म करने की कोशिश करेंगे। जुबिन के मुंबई के साथ जुड़ने के बाद राजस्थान रॉयल्स के कई खिलाड़ियों के मुंबई इंडियन्स के साथ जुड़ने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
