शहर

हैदराबाद में ताश के पत्तों की तरह ढही 7 मंजिला इमारत, अब तक दो की मौत, मलबे में जिंदगियों की तलाश जारी

Hyderabad Building Collapse: हैदराबाद के माधापुर (अंजैया नगर) में मात्र 60 वर्ग गज की जमीन पर बनी एक अवैध 7 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। हाइड्रा (HYDRA) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें मलबे से लोगों को निकालने में जुटी हैं।

Image

7 मंजिला इमारत गिरते ही मची चीख-पुकार

Photo : ANI

Hyderabad Building Collapse: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मधापुर स्थित अंजैया नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ लगभग 60 वर्ग गज के बेहद छोटे से भूखंड पर बनाई जा रही एक 7 मंजिला (7+1) अवैध इमारत अचानक ढह गई। इस भयानक हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि पड़ोस की इमारत में मौजूद एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही साइबराबाद पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF) की 10वीं बटालियन और हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRA) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट दामोदर सिंह के अनुसार, कमजोर और निर्माणाधीन ढांचा ढहने के बाद साथ वाली इमारत पर जा गिरा। पहली से लेकर सातवीं मंजिल तक की छतें एक के ऊपर एक सीधी नीचे आ गिरीं। राहत दल स्निफर डॉग्स और आधुनिक कैमरों की मदद से मलबे में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

क्या बोला प्रशासन?

मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए हाइड्रा (HYDRA) के कमिश्नर ए.वी. रंगनाथ ने बताया कि यह इमारत एक 'नाले' पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और मंजूरी के बनाई जा रही थी। उन्होंने आरोपी बिल्डर साजिद का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी ऐसी कई अन्य अवैध इमारतें बनाने की आदत रही है। प्रशासन (Hyderabad Building Collapse) अब उसकी बनाई सभी अनधिकृत संपत्तियों की जांच कर रहा है।

अवैध ढांचों को चिन्हित कर किया जाएगा ध्वस्त-कमिश्नर रंगनाथ

कमिश्नर रंगनाथ ने साफ किया कि नाले या बिना अनुमति के बनाए गए ऐसे सभी अवैध ढांचों को चिन्हित कर ध्वस्त किया जाएगा। फिलहाल घटनास्थल पर मलबे को हटाने और यह सुनिश्चित करने का काम तेजी से जारी है कि मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति फंसा न रह गया हो।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article