Global Forgiveness Day 2026: जीवन में हर व्यक्ति कभी न कभी किसी की बात, व्यवहार या धोखे से आहत जरूर होता है। ऐसे में कई लोग सालों तक गुस्सा, नाराजगी और बदले की भावना को अपने भीतर संजोए रखते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किसी के लिए मन में लगातार नाराजगी और गुस्सा रखना केवल रिश्तों को ही नहीं, बल्कि आपकी शारीरिक और मानसिक सेहत को भी भारी नुकसान पहुंचा सकता है? आज Global Forgiveness Day के मौके पर हम आपको बताएंगे कि कैसे आपके दिल में भरा गुस्सा आपकी सेहत पर बुरा असर डालता है और कैसे माफ करने की आदत (Forgiveness)आपके मन को सुकून पहुंचाती है?
गुस्सा शरीर पर कैसे डालता है असर
जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक क्रोध, तनाव या कड़वाहट को अपने भीतर रखता है, तो शरीर लगातार तनाव की स्थिति में बना रहता है। इससे स्ट्रेस हार्मोन जैसे कॉर्टिसोल और एड्रेनालिन का स्तर बढ़ सकता है। यदि शरी में इन हार्मोन्स का स्तर लंबे समय तक बढ़ा हुआ रहे तो ब्लड प्रेशर बढ़ने, नींद खराब होने, सिरदर्द, थकान और इम्युनिटी कमजोर होने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसके अलावा व्यक्ति मानसिक रूप से चिंता, बेचैनी और अवसाद जैसी स्थितियों का सामना कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में बार-बार चाय पीने से शरीर पर क्या असर पड़ता है
माफ करना क्यों है फायदेमंद
किसी को माफ करने का अर्थ यह नहीं कि आप किसी की गलती को सही ठहरा रहे हैं, बल्कि इसका साफ मतलब है कि आप उस घटना के बोझ से खुद को मुक्त कर रहे हैं। यही कारण है कि जब व्यक्ति माफ करना सीख लेता है, तो मन का तनाव धीरे-धीरे कम होने लगता है। इससे मानसिक शांति मिलती है और भावनात्मक संतुलन बेहतर होता है। यही बात कई शोध भी बताते हैं कि दूसरों को जल्दी माफ कर देने वाले लोगों में तनाव का स्तर ऐसा न करने वालों की तुलना में कम होता है।
बेहतर मेंटल हेल्थ
किसी के प्रति मन में कड़वाहट रखने से व्यक्ति बार-बार उसी घटना को याद करता रहता है, जिससे उसके मन में नकारात्मक भावनाएं बढ़ती हैं। इसके अलावा माफ करने से मन हल्का महसूस करता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है, सकारात्मक सोच विकसित होती है और रिश्तों में भी सुधार आने लगता है। इतना ही नहीं इससे मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने लगता है और इसका असर व्यक्ति के व्यवहार और निर्णय लेने की क्षमता पर भी दिखाई देता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फ्रिज में रखी चॉकलेट क्यों पड़ जाती है सफेद
बेहतर हार्ट हेल्थ और अच्छी नींद
गुस्सा कम करने और माफ करने की आदत को अपनाने का सीधा असर हमारे तनाव के स्तर को कम करने पर होता है। इससे हमारी हार्ट हेल्थ और नींद पर अच्छा असर पड़ता है। जब मन शांत होता है, तो शरीर भी रिलैक्स महसूस करता है। इससे अच्छी नींद आने में मदद मिल सकती है और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में भी सहायक प्रभाव देखने को मिल सकता है।
Global Forgiveness Day का संदेश
Global Forgiveness Day (7 जुलाई) हमें याद दिलाता है कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए कभी-कभी माफ करना सबसे बड़ा साहस का काम होता है। इसका मतलब अपनी भावनाओं को दबाना नहीं, बल्कि खुद को नकारात्मकता से मुक्त करना है। आखिरकार सबसे बड़ा उपहार जो हम खुद को दे सकते हैं, वह है मन की शांति और भीतर की आजादी। इसलिए जितना जल्दी संभव हो मन के गुस्से को दूर करें और दूसरों को माफ कर दें।
