Why chocolate turns white: Chocolate Day हो, किसी दोस्त का बर्थडे या फिर शाम की छोटी-सी मीठी क्रेविंग- चॉकलेट ऐसी चीज है जो लगभग हर घर में मिल ही जाती है। लेकिन जैसे ही मौसम गर्म होने लगता है, ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे उसे फ्रिज में रख देते हैं। वजह भी साफ है- कहीं पिघल न जाए।
कुछ दिन बाद जब वही चॉकलेट निकालते हैं तो उस पर हल्की-सी सफेद परत दिखने लगती है। कई लोगों को लगता है कि चॉकलेट खराब हो गई है या उस पर फंगस लग गई है। ऐसे में या तो वह सीधे डस्टबिन में चली जाती है या फिर मन मारकर खाई जाती है।
लेकिन फूड एक्सपर्ट बताते हैं कि असल में हर सफेद दिखने वाली चॉकलेट खराब नहीं होती। कई बार यह सिर्फ उसे रखने के गलत तरीके का नतीजा होती है।
चॉकलेट पर सफेद परत क्यों आ जाती है
अगर आपने कभी फ्रिज में रखी चॉकलेट पर धूल जैसी सफेद परत देखी है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। इस प्रोसेस को चॉकलेट ब्लूम (Chocolate Bloom) कहा जाता है।
ऐसा तब होता है, जब चॉकलेट बार-बार गर्म और ठंडे तापमान के बीच आती-जाती रहती है। कभी उसमें मौजूद कोको बटर ऊपर की सतह पर आ जाता है, तो कभी नमी की वजह से चीनी की बारीक परत जम जाती है। देखने में यह अजीब लग सकता है, लेकिन इसका मतलब हमेशा यह नहीं होता कि चॉकलेट खाने लायक नहीं रही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या सच में चावल से बन सकता है पनीर
क्या सफेद परत वाली चॉकलेट खाना सुरक्षित है
अगर सफेद परत वाली चॉकलेट की एक्सपायरी डेट नहीं निकली है, उसमें बदबू नहीं आ रही और उस पर फफूंदी जैसी कोई चीज नहीं दिख रही, तो इसे खाया जा सकता है। हां, उसका स्वाद पहले जैसा नहीं मिलेगा। उसकी स्मूदनेस कम हो सकती है और मुंह में घुलने वाला एहसास भी थोड़ा बदल जाता है। यानी नुकसान स्वाद और टेक्सचर का ज्यादा होता है, सेहत का नहीं।
तो क्या चॉकलेट कभी फ्रिज में नहीं रखनी चाहिए
इस सवाल का जवाब दोनों तरीके से है - हां भी और ना भी। अगर आपके घर का तापमान सामान्य है और चॉकलेट पिघल नहीं रही, तो उसे फ्रिज में रखने की जरूरत ही नहीं है। किसी ठंडी, सूखी और धूप से दूर जगह पर रखना ही सबसे बेहतर माना जाता है।
लेकिन अगर गर्मियों में कमरे का तापमान बहुत ज्यादा है और चॉकलेट बार-बार पिघलने लगी है, तब फ्रिज का सहारा लिया जा सकता है। बस एक बात का ध्यान रखें- चॉकलेट को सीधे फ्रिज में खुला न रखें। उसे एयरटाइट डिब्बे या अच्छी तरह बंद पैक में रखें, ताकि नमी और दूसरी चीजों की गंध उसमें न समा जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वो मिठास जिसका स्वाद ही नहीं नाम भी सुनाता है इतिहास
फ्रिज से निकालते ही खाने की जल्दबाजी न करें
यह गलती भी बहुत लोग करते हैं। चॉकलेट को फ्रिज से निकालते ही खोल देते हैं। इससे बाहर की गर्म हवा और अंदर की ठंडक मिलकर उसकी सतह पर नमी जमा कर देती है। यही नमी बाद में सफेद परत बनने की वजह बन सकती है।
बेहतर होगा कि चॉकलेट को पहले कुछ देर कमरे के तापमान पर आने दें। जब उसका तापमान सामान्य हो जाए, तब पैक खोलें। इससे उसका स्वाद और बनावट दोनों काफी हद तक वैसे ही बने रहते हैं।
