राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य समाज रोड पर रविवार शाम को अपराधियों ने बेखौफ होकर एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले बाइक टैक्सी से जा रही एक युवती को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें बाइक चला रहा चालक गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद बदमाशों ने युवती को दुकान से घसीटकर गोली मार दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
दुकान में छिपने पर भी नहीं बख्शा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब बदमाशों ने पहली बार गोलीबारी की तो गोली रैपिडो चालक को जा लगी। अपनी जान बचाने के लिए युवती वहां से भागकर आर्य समाज मंदिर के पास स्थित एक टेलर की दुकान में जा छिपी। हालांकि, हमलावर पीछा करते हुए दुकान तक पहुंच गए। बदमाशों ने टेलर को जान से मारने की धमकी देकर युवती को बाहर निकालने की कोशिश की। इसी खींचतान के दौरान युवती जमीन पर गिर पड़ी और एक हमलावर ने उस पर पॉइंट-ब्लैंक रेंज से गोली चला दी। गोली युवती के दाहिने कंधे में लगी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से आसानी से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवती ने हिम्मत दिखाते हुए टेलर मास्टर के मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। वहीं, सूचना मिलने के बाद घायल रैपिडो चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रेम प्रसंग के एंगल से पुलिस की तफ्तीश तेज
इस सनसनीखेज वारदात के पीछे शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या युवती को किसी पुराने विवाद या एकतरफा प्रेम के चलते निशाना बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की सटीक जानकारी और उनके ठिकाने का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और युवती से जुड़े परिचितों की जानकारी जुटा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एएसपी दानापुर (सिटी एसपी वेस्ट) संकेत कुमार के निर्देश पर थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। सिटी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि शुरुआती साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
