बिजनेस

जंग के बीच ईरान के हाथ लगा गैस का खजाना, 200 अरब घन मीटर के नए रिजर्व की खोज

ईरान को दक्षिणी फार्स प्रांत में 200 अरब घन मीटर गैस का नया रिवर्ज मिला है। ईरान के पेट्रोलियम मंत्री का दावा है कि यहां से कुछ ही साल में उत्पादन शुरू किया जा सकता है।

Image

ईरान को मिली बड़ी कामयाबी

ईरान ने प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में बड़ी खोज का ऐलान किया है। देश के दक्षिणी फार्स प्रांत में 200 अरब घन मीटर से ज्यादा नए प्राकृतिक गैस भंडार मिले हैं। ईरान के पेट्रोलियम मंत्री मोहसिन पाकनेजाद ने बताया कि इस नए गैस क्षेत्र से करीब 160 अरब घन मीटर गैस निकाली जा सकती है। हालांकि, इस खोज का फायदा तुरंत नहीं मिलने वाला है। नए क्षेत्र से व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने में कई साल लग सकते हैं।

दक्षिणी फार्स में मिली नई गैस

ईरानी पेट्रोलियम मंत्री ने सरकारी टेलीविजन को बताया कि नए गैस भंडार फार्स प्रांत के दक्षिणी हिस्से में मिले हैं। उन्होंने इसे स्वीट नेचुरल गैस बताया है। स्वीट गैस में हाइड्रोजन सल्फाइड की मात्रा बहुत कम होती है। इसकी वजह से गैस को प्रोसेस करने और उत्पादन के लिए जरूरी ढांचे को विकसित करने की लागत अपेक्षाकृत कम रह सकती है। ईरान के लिए यह खोज इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि देश पहले से ही दुनिया के बड़े प्राकृतिक गैस भंडार वाले देशों में शामिल है। नए रिजर्व उसकी भविष्य की ऊर्जा क्षमता को और मजबूत कर सकते हैं।

उत्पादन में लगेंगे कई साल

नई खोज के बावजूद वैश्विक गैस बाजार में इसका तत्काल असर पड़ने की संभावना कम है। रिपोर्ट के मुताबिक इस क्षेत्र से गैस का उत्पादन शुरू होने में कई साल लग सकते हैं। किसी नए गैस क्षेत्र को खोजने के बाद वहां उत्पादन शुरू करने के लिए ड्रिलिंग, पाइपलाइन, प्रोसेसिंग प्लांट और दूसरी जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित करनी होती हैं। इसलिए फिलहाल यह खोज ईरान की दीर्घकालिक ऊर्जा क्षमता के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है, न कि तत्काल गैस सप्लाई बढ़ाने के लिहाज से।

युद्ध के बीच ऊर्जा क्षेत्र को बड़ा झटका

ईरान की यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब देश का ऊर्जा क्षेत्र संघर्ष की वजह से दबाव में है। फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुए मध्य पूर्व युद्ध में ईरान की ऊर्जा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं निशाने पर आई हैं। गैस उत्पादन सुविधाओं, तेल डिपो और ऊर्जा परिवहन से जुड़े रास्तों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। इससे ईरान के तेल और गैस उत्पादन तथा निर्यात क्षमता पर दबाव बढ़ा है।

ईरान के लिए रणनीतिक बढ़त

नई गैस खोज ऐसे समय में हुई है जब ऊर्जा सुरक्षा खुद एक बड़ा रणनीतिक मुद्दा बन चुकी है। अतिरिक्त गैस भंडार ईरान को भविष्य में घरेलू मांग पूरी करने के साथ-साथ निर्यात क्षमता बढ़ाने का विकल्प दे सकते हैं। हालांकि, इसके लिए पहले उत्पादन और परिवहन से जुड़ा बुनियादी ढांचा तैयार करना होगा। ऐसे में 200 अरब घन मीटर से ज्यादा की यह खोज ईरान के लिए तत्काल राहत से ज्यादा भविष्य की ऊर्जा ताकत बढ़ाने वाली खबर है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article