लाइफस्टाइल

स्वाद लाजवाब, रखे सेहत का भी ख्याल; ट्राई करें Chef Prateek's kitchen की ये सत्तू पराठा रेसिपी

भुने हुए चनों से तैयार सत्तू में प्रचुर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम पाया जाता है, जो दिनभर शरीर को ऊर्जावान बनाए रखता है।

Image

सत्तू के पराठे की रेसिपी (Photo: Chef Prateek's Kitchen / Youtube)

हर बार नाश्ते में वही आलू-प्याज का पराठा खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं और कुछ अलग, टेस्टी व सेहतमंद ट्राई करना चाहते हैं, तो सत्तू का पराठा आपके लिए एक परफेक्ट विकल्प है। यह स्वाद में तो लाजवाब होता ही है, साथ ही सत्तू के पोषण से भरपूर भी होता है। यूट्यूब पर वायरल शेफ प्रतीक ने अपने चैनल Chef Prateek's Kitchen पर हेल्दी सत्तू पराठे की बहुत आसान रेसिपी बताई है। आइए जानते हैं इसे आसानी से बनाने की पूरी रेसिपी:

सत्तू पराठे के लिए आवश्यक सामग्री

- गेहूं का आटा – 1 कप

- नमक – ½ छोटा चम्मच

- तेल – 1 छोटा चम्मच

- पानी – आवश्यकतानुसार (गूंथने के लिए)

- सत्तू – 1 कप

- हरी मिर्च – 1 छोटा चम्मच (बारीक कटी हुई)

- प्याज – 1 छोटा (बारीक कटा हुआ)

- अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)

- हरा धनिया – बारीक कटा हुआ

- नींबू का रस – थोड़ा सा

- अजवाइन – ½ छोटा चम्मच

- कलौंजी (मंगरैल) – ½ छोटा चम्मच

- आम या मिर्च का अचार – 1 बड़ा चम्मच

- सरसों का तेल – 1 छोटा चम्मच

- नमक – स्वादानुसार

- सेकने के लिए – घी या तेल

सत्तू पराठा बनाने की रेसिपी

आटा गूंथें: सबसे पहले एक बर्तन में एक कप आटा और आधा चम्मच नमक मिलाकर पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें (जैसे सामान्य पराठों के लिए गूंथते हैं)। अब इसमें एक चम्मच तेल लगाकर दोबारा मसल लें और थोड़ी देर के लिए अलग रख दें।

सत्तू का मिक्सचर तैयार करें: एक बड़े बाउल में एक कप सत्तू लें। इसमें कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा प्याज़, अदरक, हरा धनिया, अजवाइन, कलौंजी, स्वादानुसार नमक, थोड़ा सा नींबू का रस, एक चम्मच अचार और एक छोटा चम्मच सरसों का तेल डालें। इन सभी चीज़ों को हाथों से या चम्मच से अच्छी तरह मिला लें।

स्टफिंग भरकर बेलें: गूंथे हुए आटे की लोई (पेड़ा) बनाएं और बीच में जगह (कटोरी जैसा आकार) बना लें। अब इसमें सत्तू का तैयार मिक्सचर भरें और ऊपर से अच्छी तरह बंद करके फिर से लोई का रूप दें। थोड़ा सा सूखा आटा लगाकर हल्के हाथों से रोटी के आकार का बेल लें।

पराठा सेकें: बेले हुए पराठे को गरम तवे पर डालें। दोनों तरफ घी या तेल (घी से बेहतरीन स्वाद आता है) लगाकर अलट-पलटकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक अच्छी तरह सेक लें।

परोसने का तरीका

गरमा-गरम सत्तू के पराठे को चटपटी टमाटर की देसी चटनी, दही या अचार के साथ परोसें। यह नाश्ते या टिफिन के लिए एक परफेक्ट और तृप्त करने वाला भोजन है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article