शहर

Mumbai News: मझगांव में गणेश प्रतिमा के आगमन पर अंडे फेंकने का आरोप, दो पक्षों में फैला तनाव; FIR दर्ज, भारी पुलिस बल तैनात

Mazgaon News: मुंबई के मझगांव में गणेश प्रतिमा आगमन यात्रा पर अंडे फेंके जाने के आरोप के बाद तनाव। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की, भारी पुलिस बल तैनात।

Image

मुंबई के मझगांव में गणेश प्रतिमा के आगमन पर फेंके गए अंडे! दो पक्षों फैला तनाव; FIR दर्ज, भारी पुलिस बल तैनात

Mumbai News: गणेशोत्सव के उत्साह के बीच मुंबई के मझगांव इलाके में रविवार रात एक निंदनीय घटना सामने आई। यहां एक गणेश मंडल द्वारा प्रतिमा के आगमन यात्रा (आगमन सोहला) के दौरान एक ऊंची इमारत से अज्ञात लोगों द्वारा गणेश प्रतिमा पर कथित तौर पर अंडे फेंके जाने का आरोप लगा। इस घटना के सामने आते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तुरंत मौके पर तैनात किया गया।

घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और अखिल सार्वजनिक उत्सव समिति के सदस्यों में भारी आक्रोश देखने को मिला। भीड़ ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया।

अखिल सार्वजनिक उत्सव समिति के अध्यक्ष हितेश जाधव ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा, 'गणपति बाप्पा का आगमन हो चुका था और इस निंदनीय घटना के बाद तनाव बढ़ गया। हमने पुलिस से स्पष्ट गुजारिश की है कि आगामी 24 घंटे के भीतर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने भी सहयोग किया है और हमें कार्रवाई का पूर्ण आश्वासन मिला है।'

पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

रात में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (DCP) जयंत मीणा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

मामला दर्ज: मुंबई पुलिस कमिश्नर (CP) के सीधे निर्देशों के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज (FIR) कर लिया गया है।

माहौल हुआ शांत: पुलिस द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद रात में जमा हुई भीड़ शांत हुई और लोग अपने घरों को लौटे।

सीसीटीवी जांच: पुलिस ने उस इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि अंडे फेंकने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा सके।

फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर मझगांव क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और भारी बल की तैनाती जारी है।

दो पक्षों में झड़प, गणपति मंडल क्या बोला?

मझगांव में गणेश प्रतिमा लाते समय दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। गणपति मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणे ने कहा, 'जब हम गणपति की आगमन यात्रा निकाल रहे थे। पंडाल से करीब 30 से 40 मीटर दूर एक इमारत से यात्रा पर अंडे फेंके गए। यह घटना आपत्तिजनक है। हम जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।' जहां घटना के बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने आकर मौके पर काबू पाया, लेकिन भीड़ इतनी रही कि पुलिस को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article