Chach Masala Recipe: गर्मी का मौसम आते ही शरीर को ठंडक देने वाले पेय पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। तेज धूप, पसीना और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लोग तरह-तरह के ड्रिंक्स पीते हैं, लेकिन भारतीय रसोई में एक ऐसा पारंपरिक पेय है जो स्वाद, सेहत और ताजगी तीनों का बेहतरीन मेल है — छाछ। खास बात यह है कि अगर इसमें सही मसाला (masala recipe) मिल जाए तो साधारण छाछ भी बाजार जैसी स्वादिष्ट बन जाती है। अच्छी बात यह है कि यह मसाला आप आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं।
छाछ मसाला बनाने के लिए सामग्री
घर पर छाछ मसाला तैयार करने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती। आपकी रसोई में मौजूद मसाले ही इसके स्वाद का राज हैं।
- जीरा
- धनिया के बीज
- अजवायन
- काली मिर्च
- दालचीनी का छोटा टुकड़ा
- कुछ करी पत्ते
- कुछ ताजा पुदीना पत्ते
ये सभी मसाले स्वाद बढ़ाने के साथ पाचन शक्ति को मजबूत बनाने में भी मदद करते हैं।
छाछ मसाला कैसे बनाते हैं
सबसे पहले धनिया, पुदीना और कड़ी पत्ता को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। अब एक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें। इसमें जीरा, अजवायन, धनिया बीज, काली मिर्च और दालचीनी डालकर हल्का भून लें। जब मसालों से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें।
अब इसमें सूखे पत्ते डालकर हल्का सा भूनें ताकि सारी नमी खत्म हो जाए। मसाले पूरी तरह ठंडे होने के बाद इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। आपका घर का बना फ्रेश छाछ मसाला तैयार है। इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
मसाला छाछ बनाने और सर्व करने का तरीका
एक गिलास मसाला छाछ बनाने के लिए दो से तीन चम्मच ताजा दही लें। इसमें ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि झागदार टेक्सचर तैयार हो जाए। अब इसमें आधा चम्मच छाछ मसाला डालें। स्वाद के अनुसार काला नमक या साधारण नमक मिलाएं।
ऊपर से थोड़ा पुदीना पाउडर डालें और चाहें तो बर्फ के टुकड़े मिलाकर ठंडी-ठंडी छाछ सर्व करें। गर्मी में यह पेय तुरंत ताजगी देता है।
मसाला छाछ के जबरदस्त फायदे
मसाला छाछ सिर्फ स्वाद ही नहीं, सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों को स्वस्थ रखते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। जीरा और अजवायन गैस व ब्लोटिंग कम करते हैं, जबकि पुदीना शरीर को प्राकृतिक ठंडक देता है। नियमित रूप से छाछ पीने से शरीर डिटॉक्स होता है, हड्डियां मजबूत रहती हैं और गर्मियों की थकान दूर होती है।
गर्मियों में क्यों जरूरी है छाछ
विशेषज्ञ गर्मी के दिनों में ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ लेने की सलाह देते हैं। छाछ दही से तैयार होती है और इसमें कैल्शियम, विटामिन ए, बी, सी और ई जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ पेट को ठंडा रखती है। रोजाना छाछ पीने से अपच, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। बाहर निकलने से पहले एक गिलास मसाला छाछ पीना शरीर को लू और थकान से बचाने में मदद करता है। अगर आप घर पर ये मसाला बनाते हैं तो इससे गर्मी में पाचन दुरुस्त रखने में भी मदद मिलेगी।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
