लाइफस्टाइल

ब्रेकअप से पहले ही नया पार्टनर तलाशने का डेटिंग ट्रेंड, कहीं आपका पार्टनर भी तो ऐसा नहीं कर रहा?

डेटिंग वर्ल्ड में आय दिन नए नए टर्म्स आते रहते हैं, ऐसे में इन दिनों मंकी ब्रांचिंग चर्चा में है। यहां पढ़ें क्या है ये ट्रेंड, कहीं आप भी तो इस मंकी ब्रांचिंग का शिकार नहीं हो रहे।

Image

Monkey Branching

Monkey Branching: कभी पेड़ों पर लटकते बंदरों को ध्यान से देखा है? वे एक डाल छोड़ने से पहले अक्सर दूसरी डाल को मजबूती से पकड़ लेते हैं, ताकि नीचे गिरने का डर न रहे। रिश्तों की दुनिया में भी कुछ लोग बिल्कुल ऐसा ही करते हैं! वे पुराने पार्टनर का हाथ तब तक नहीं छोड़ते, जब तक उन्हें किसी नए इंसान का सहारा मिलने की उम्मीद न हो जाए। इसी व्यवहार को आजकल 'मंकी ब्रांचिंग' कहा जा रहा है।

    आधुनिक डेटिंग की दुनिया में प्यार के साथ-साथ विकल्पों की भी कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया, डेटिंग ऐप्स और लगातार नए लोगों से मिलने के मौकों ने रिश्तों को पहले से ज्यादा जटिल बना दिया है। ऐसे में कुछ लोग ब्रेकअप का दर्द, अकेलापन या भावनात्मक असुरक्षा झेलने के बजाय पहले ही नया कनेक्शन तलाशने लगते हैं।

    क्या है मंकी ब्रांचिंग?

    सीधे शब्दों में कहें तो मंकी ब्रांचिंग का मतलब है पुराने रिश्ते में रहते हुए ही नए पार्टनर की तलाश करना। इसमें व्यक्ति तब तक मौजूदा रिश्ते में बना रहता है, जब तक उसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भविष्य की संभावना नजर नहीं आने लगती।

    मान लीजिए, कोई व्यक्ति अपने पार्टनर से खुश नहीं है। लेकिन अकेले रहने या रिश्ता टूटने के डर से वह ब्रेकअप नहीं करता। इसके बजाय वह किसी नए व्यक्ति से बातचीत बढ़ाता है, फ्लर्ट करता है और धीरे-धीरे भावनात्मक नजदीकियां बनाने लगता है। जैसे ही नया रिश्ता मजबूत महसूस होने लगता है, वह पुराने रिश्ते से बाहर निकल जाता है। यानी उसके लिए ब्रेकअप कोई शुरुआत नहीं, बल्कि एक रिश्ते से दूसरे रिश्ते में जाने का अगला कदम होता है।

    कैसे पहचानें मंकी ब्रांचिंग के संकेत?

    इसके कुछ व्यवहारिक संकेत हो सकते हैं:

    • पार्टनर अपने फोन, मैसेज और ऑनलाइन बातचीत को लेकर जरूरत से ज्यादा सतर्क हो जाए।
    • पहले जैसी बातचीत, अपनापन और साथ बिताने की इच्छा कम होने लगे।
    • पार्टनर किसी खास व्यक्ति के साथ लगातार बातचीत और भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने लगे।
    • वह मौजूदा रिश्ते के भविष्य पर बात करने से बचने लगे, लेकिन खुद को पूरी तरह अलग भी न करे।
    हालांकि, इन संकेतों का मतलब हमेशा मंकी ब्रांचिंग नहीं होता। किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले खुलकर बातचीत करना जरूरी है।

    इसके पीछे अकेलेपन का डर, आत्मविश्वास की कमी, भावनात्मक असुरक्षा और कमिटमेंट से बचने की आदत जैसे कारण हो सकते हैं। कुछ लोग किसी रिश्ते को खत्म करने की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते। उन्हें लगता है कि नया साथी मिल जाने के बाद ही पुराना रिश्ता छोड़ना सुरक्षित होगा।
    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article