Delhi: नए LG के शपथग्रहण समारोह में विवाद, सीट नहीं मिलने पर नाराज होकर निकले BJP सांसद डॉ. हर्षवर्धन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 26, 2022, 12:43 PM IST

बीजेपी के नेता और पूर्व केंद्र मंत्री डॉ हर्षवर्धन एलजी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम से नाराज होकर लौटे। शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री को जिस स्थान पर बैठाया जा रहा था वह उससे संतुष्ट नहीं थे।

नई दिल्ली: दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल विनय सक्सेना के शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन नाराज हो गए। एलजी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में आए डॉ. हर्षवर्धन नाराज होकर वापस लौट गए। बैठने की जगह को लेकर नाराज हुए हर्षवर्धन कार्यक्रम छोड़कर निकल गए। इस दौरान उन्होंने जाते हुए दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार को कहा कि मैं बदइंतज़ामी की शिकायत उपराज्यपाल विनय सक्सेना से करूंगा।

डॉ. हर्षवर्धन इस वजह से हुए नाराज

आपको बता दें कि दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज ही दिल्ली के 22वें उपराज्यपाल के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दो दिन पहले ही उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किए थे। उपराज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह से बाहर जाते हुए डॉ हर्षवर्धन ने शिकायत भरे लहजे में कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में संसद सदस्य के लिए 1 सीट तक नहीं रखी गई। उन्होंने दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार को कहा, मैं उपराज्यपाल विनय सक्सेना को इस बारे में लिखूंगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन को मनाने के लिए अधिकारी उनके पीछे पीछे गए लेकिन हर्षवर्धन नहीं रुके। वह समारोह स्थल से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठ कर चले गए। जिस समय हर्षवर्धन नाराज होकर कार्यक्रमस्थल निकले उस समय शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!