TMC Symbol Row: पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित नंदीग्राम सीट (Nandigram Assembly Bypoll) पर होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले राजनीतिक पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। ममता बनर्जी के समर्थन देने के ऐलान के तुरंत बाद पुलिस ने मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि नंदीग्राम से उम्मीदवार मिलन प्रधान (Milan Pradhan Arrest) के खिलाफ एक पुराने हत्या के मामले में पहले से वारंट जारी था। हालांकि, नामांकन के अंतिम दिन से ठीक पहले हुई इस गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति में तहलका मचा दिया है। इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोशल मीडिया पर सरकार और बीजेपी पर सीधा हमला बोला।
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध है - लोकतंत्र की हत्या है। BJP का निष्पक्ष चुनाव में भरोसा ही नहीं - इसलिए कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी से सत्ता बचाना चाहती है। वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते, चुनावी मुकाबला ही खत्म कर देना चाहते हैं। कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी। हम लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'रामदेव मिलावटखोरों के सम्राट', पतंजलि मानहानि केस पर बृजभूषण का पलटवार, बोले- जेल जाने को तैयार, नहीं लूंगा जमानत
संचिता प्रधान के नाम वापस लेने के बाद ममता ने कांग्रेस को दिया समर्थन
वहीं, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी इस कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने बताया कि TMC उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के नाम वापस लेने के बाद उन्होंने विपक्ष को एकजुट रखने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने का फैसला किया था। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में लोकतंत्र के लिए आज काला दिन है।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां और प्रशासन पूरी तरह से पक्षपात कर रहे हैं। उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी और अपनी पार्टी के दफ्तरों व बैंक खातों पर हुई कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि वे इस तानाशाही के आगे कभी सरेंडर नहीं करेंगी और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इसका डटकर मुकाबला करेंगी।
TMC का नाम और चुनाव चिन्ह चुनाव आयोग ने लिया वापस
आपको बता दें कि एक दिन पहले चुनाव आयोग द्वारा TMC पार्टी का नाम और सिंबल (चुनाव चिन्ह) वापस लेने के बाद दोनों गुटों को अलग-अलग नाम और सिंबल मिला है। ममता बनर्जी का गुट ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस तो ऋतब्रत बनर्जी का गुट डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस है। एक का चुनाव चिन्ह फुटबॉल तो दूसरे का लिफाफा है।
