देश

सीएम हेमंत सोरेन को झारखंड HC से बड़ा झटका, जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ट्रायल पर रोक से इनकार, बढ़ी मुश्किलें

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने बड़गाईं जमीन घोटाला मामले में चल रही ईडी कोर्ट की कार्यवाही और आरोप तय करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।

Image

CM हेमंत सोरेन को हाई कोर्ट से बड़ा झटका (फाइल फोटो)

Photo : ANI

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बड़गाईं जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाई कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है। अदालत ने स्पेशल पीएमएलए (PMLA) कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने की उनकी मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद अब निचले अदालत में उनके खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

मामले की सुनवाई कर रहे जस्टिस एसएन प्रसाद की एकल पीठ ने हेमंत सोरेन की ओर से दाखिल हस्तक्षेप याचिका (IA) को सिरे से खारिज कर दिया। सोरेन ने अपनी याचिका में पीएमएलए कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी डिस्चार्ज अर्जी यानी केस से नाम हटाने की मांग को खारिज कर दिया गया था। साथ ही उन्होंने हाई कोर्ट में मुख्य याचिका पर फैसला आने तक ईडी कोर्ट की सुनवाई पर अंतरिम रोक लगाने का आग्रह किया था।

रांची की विशेष ईडी अदालत क्या बोली?

गौरतलब है कि इससे पहले जून महीने में रांची की विशेष ईडी अदालत ने माना था कि जांच एजेंसी द्वारा पेश किए गए सबूतों के आधार पर सीएम सोरेन के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला बनता है। इस आधार पर कोर्ट ने उन्हें केस से बरी करने की याचिका खारिज कर दी थी।

अगली तारीख 14 अक्टूबर तय

हाई कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद अब मुख्यमंत्री सोरेन को पीएमएलए कोर्ट में पेश होना पड़ सकता है। ईडी की विशेष अदालत में 19 सितंबर को आरोप तय करने (चार्ज फ्रेमिंग) के बिंदु पर सुनवाई होनी है। वहीं दूसरी ओर, हाई कोर्ट में उनकी मुख्य याचिका पर सुनवाई जारी रहेगी, जिसके लिए कोर्ट ने अगली तारीख 14 अक्टूबर तय की है। फिलहाल इस न्यायिक फैसले से मुख्यमंत्री की कानूनी और राजनीतिक मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article