Congress Vs BJP Battle: भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कांग्रेस के पार्टी तोड़ने वाले आरोपों पर पलटवार किया और कांग्रेस भस्मासुर करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संपर्क में आने वाली हर पार्टी खत्म हो जाती है।
दरअसल, राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर राजनीतिक दलों को तोड़ने तथा उनके चुनाव चिह्न छीनने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया चुनाव आयोग के उस फैसले के बाद आई थी जिसमें आयोग ने तृणमूल के नाम और चुनाव चिह्न को फ्रीज कर दिया था।
राहुल गांधी पर बरसे रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने के बजाय अपने बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वो भस्मासुर है, जो उनके संपर्क में आता है, भस्म हो जाता है। उन्होंने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) भी कांग्रेस से ही निकली है।
'भाजपा नहीं करती गंदी राजनीति'
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''कांग्रेस ही दूसरी पार्टियों को तोड़ती और उन्हें खत्म करती है।'' उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का इतिहास सभी को पता है कि वह कैसे पार्टियों को तोड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, लेकिन ऐसा किसी दूसरी पार्टी को तोड़कर नहीं हुआ। रिजिजू ने दावा किया कि भाजपा कांग्रेस की तरह 'गंदी राजनीति' नहीं करती।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जब अपनों ने ही ठगा हो तो दूसरों से क्या गिला! नाम और निशान की लड़ाई में उलझ गईं ममता; आखिर कैसे बदली बगावत की कहानी?
'EC-BJP मिलकर तोड़ रही पार्टियां'
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा था कि पहले शिवसेना, फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और अब तृणमूल कांग्रेस। हर बार एक ही पैटर्न - भाजपा और निर्वाचन आयोग मिलकर एक पार्टी को तोड़ते हैं। फिर उसका चुनाव चिह्न छीन लिया जाता है। उन्होंने कहा था कि जब पूरी की पूरी पार्टी चोरी हो सकती है, तो करोड़ों भारतीयों के वोट चोरी होना भी हैरानी की बात नहीं।
