शहर

'सीबीआई जांच से होगा दूध का दूध, पानी का पानी', अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर बोले CM पुष्कर सिंह धामी

Ankita Bhandari 4th Death Anniversary: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने ऋषिकेश के पास न्याय मार्च निकालकर आरोप लगाया कि मामले में शामिल कथित 'वीआईपी' का नाम सामने लाने के लिए सीबीआई जांच का एक साल बाद भी कोई अता-पता नहीं है। वहीं, सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सिफारिश पर सीबीआई जांच चल रही है।

Image

अंकिता हत्याकांड पर बोले CM पुष्कर सिंह धामी (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Ankita Bhandari 4th Death Anniversary: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल पूरे होने पर राज्य की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। एक तरफ जहां मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने ऋषिकेश के चीला बैराज के पास बड़ा प्रदर्शन करते हुए 'न्याय मार्च' निकाला, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और सीबीआई की कार्रवाई से जल्द ही सब कुछ साफ हो जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए थे, जिसके नतीजे में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य और उसके दो साथियों को अदालत से आजीवन कारावास की सजा मिली। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग को ध्यान में रखते हुए ही राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी, जो अभी जारी है।

कांग्रेस ने निकाला न्याय मार्च

दूसरी तरफ, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चीला बैराज से लेकर वनंत्रा रिसॉर्ट तक न्याय मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हत्याकांड से जुड़े कथित 'वीआईपी' का नाम उजागर करने के लिए जनदबाव में सीबीआई जांच के आदेश तो दिए गए थे, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी उस जांच की प्रगति का कोई अता-पता नहीं है। गोदियाल ने कहा कि अगर मौजूदा सरकार 'वीआईपी' के चेहरे से नकाब नहीं हटाती है, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी दोषियों को चिह्नित कर सजा दी जाएगी।

साल 2022 में हुई थी हत्या

गौरतलब है कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। 18 सितंबर 2022 को रिसॉर्ट मालिक ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी और शव को नहर में फेंक दिया था। इस न्याय मार्च में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मामले के सभी पहलुओं के जल्द खुलासे की मांग की।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article