मुंबई: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में सदस्य इकाइयों ने शुक्रवार को यहां चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया। मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होने वाला है। ऐसे में बीसीसीआई उनके स्थान पर नए अध्यक्ष की तलाश कर सकता है।
पदाधिकारी करेंगे आगरकर के भविष्य पर फैसला
बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,'चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है।' उन्होंने अगरकर के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया। बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बंगाल क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तथा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे।
सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के भविष्य के अलावा बीसीसीआई जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भरने की प्रक्रिया पर भी विचार कर रहा है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड को जूनियर चयन समिति के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं और चयन की प्रक्रिया अगले एक पखवाड़े में पूरी करने का लक्ष्य है। सैकिया ने कहा,'हमें बहुत बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। शॉर्टलिस्टिंग (प्रारंभिक सूची तैयार करना) पूरी होने के बाद इन्हें हमारी क्रिकेट समिति को सौंपा जाएगा। क्रिकेट समिति ही जूनियर चयन समिति के चयन के लिए सक्षम प्राधिकारी होगी। प्रक्रिया जारी है और हम इसे अगले 10-15 दिनों में पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि मौजूदा पांचों चयनकर्ताओं का कार्यकाल जल्द ही समाप्त होने वाला है।'
शॉर्ट टर्म है सुब्हदीप घोष की नियुक्ति
सैकिया ने बताया कि भारतीय टीम के मौजूदा क्षेत्ररक्षण कोच सुब्हदीप घोष की नियुक्ति फिलहाल अल्प अवधि के लिए की गई है, हालांकि उनके प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया है कि प्रमुख मुकाबलों के आवंटन में मुंबई को भी ध्यान में रखा जाए। राज्य क्रिकेट संघ के सचिव उन्मेष खानविलकर ने यह जानकारी दी।
रांची में होगा भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट
प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में टेस्ट मैच हुए करीब दो साल हो चुके हैं। यहां पिछला टेस्ट 2024 के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया था। शहर में होने वाले आगामी क्रिकेट मुकाबलों में अगले साल की शुरुआत में पहली बार आयोजित होने वाली महिला चैंपियंस लीग और महिला प्रीमियर लीग के कुछ मुकाबले भी शामिल हैं। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव और भारत के पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को रांची से स्थानांतरित किए जाने की जानकारी होने से इनकार किया। तिवारी ने यहां संवाददाताओं से कहा,'यह खबर मेरे लिए नयी है। इस संबंध में अगर बीसीसीआई को किसी को पत्र लिखना है तो वह मुझे ही लिखना होगा। मैंने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा है। एजीएम में इस बारे में बिल्कुल भी चर्चा नहीं हुई।'
शानदार होगा बीसीसीआई का शताब्दी समारोह
बीसीसीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में हालांकि ज्यादा जानकारी नहीं दी गई, लेकिन इसमें कहा गया कि "एजीएम ने 2028 में बीसीसीआई की शताब्दी समारोह के आयोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।' विज्ञप्ति के अनुसार,टशताब्दी वर्ष दिसंबर 2027 से शुरू होकर पूरे 2028 तक साल भर चलने वाले कार्यक्रमों के जरिये मनाया जाएगा। यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा।' एजीएम ने सर्वसम्मति से 2027 में होने वाले आईपीएल के 20वें सत्र को भी भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया। बैठक के एजेंडे में शामिल अन्य मुद्दों पर भी फैसले लिए गए। वित्त वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट मंजूर किया गया और मौजूदा वित्त वर्ष के लिए लेखा परीक्षकों की नियुक्ति की गई।
धूमल और मजूमदार फिर हुए आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में शामिल
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार (जिन्हें ’मामोन’ मजूमदार के नाम से भी जाना जाता है) आईपीएल संचालन परिषद के लिए एक बार फिर निर्विरोध चुने गए।
अंपायरों की बढ़ी सैलरी
एजीएम ने अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान ढांचे में बढ़ोतरी तथा उनके ग्रेड के पुनर्वर्गीकरण को भी मंजूरी दी। इसके विस्तृत विवरण जारी नहीं किए गए। फिलहाल घरेलू टूर्नामेंटों में शीर्ष दो ग्रेड के अंपायरों को क्रमशः 40,000 और 30,000 रुपये प्रतिदिन मिलते हैं, जबकि टी20 मैचों के लिए यह राशि 20,000 रुपये है। संशोधित भुगतान व्यवस्था के तहत हालांकि ए, बी, सी और डी ग्रेड के अंपायरों को क्रमशः 60,000, 50,000, 40,000 और 35,000 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।
अटकी अंडमान-निकोबार बोर्ड की मान्यता
कुछ राज्य इकाइयों में उम्र संबंधी धोखाधड़ी के कई मामले सामने आने के बाद बीसीसीआई ने अपनी उम्र सत्यापन नीति को भी अपडेट कर अपनाया। इसके अलावा बीसीसीआई की यौन उत्पीड़न रोकथाम नीति के तहत एक नयी आंतरिक समिति का गठन किया गया। सैकिया ने कहा कि क्रिकेट अंडमान एवं निकोबार को एसोसिएट सदस्यता देने का मामला फिलहाल टाल दिया गया है क्योंकि यह कानूनी मामला है।
