देश

Kurla Bus Accident: मुंबई के कुर्ला बस हादसे में बढ़ गई मृतकों की संख्या, कुल 6 की मौत, 49 घायल

Kurla Bus Accident: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक सार्वजनिक परिवहन बेस्ट की बस अनियंत्रित होकर हादसे की शिकार हो गई। बस ने पैदल लोगों समेत कई गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई है।

Image

कुर्ला बस हादसे में 6 लोगों की मौत

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ी
  • अबतक 6 लोगों की मौत
  • लगभग 50 लोग हो चुके हैं घायल

Kurla Bus Accident: मुंबई के कुर्ला बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। इसके अलावा घायलों की संख्या भी अब जो सामने आई है वो काफी बड़ी है। मिली जानकारी के अनुसार कुर्ला बस हादसे में 49 लोग घायल हो गए हैं। इससे पहले 4 लोगों की मौत और 25 के घायल होने की खबर थी।

बेस्ट की बस ने मारी टक्कर

मुंबई की सार्वजनिक परिवहन सेवा ‘बेस्ट’ की एक बस ने सोमवार रात पैदल यात्रियों और कुछ वाहनों को टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा संदेह है कि कुर्ला में बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) एल. वार्ड के पास यह दुर्घटना बस के ब्रेक में गड़बड़ी होने के कारण हुई। उन्होंने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि बेस्ट बस के चालक ने मार्ग संख्या 332 पर वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और बस ने पैदल यात्रियों एवं कुछ वाहनों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस बुद्ध कॉलोनी नामक एक आवासीय सोसायटी में घुस गई और फिर रुक गई।

तीन महीने पुरानी थी बस

मिली जानकारी के अनुसार बस की पंजीकरण संख्या एमएच01-ईएम-8228 है। यह बस कुर्ला रेलवे स्टेशन से अंधेरी जा रही थी, तभी यह दुर्घटना हुई। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 12 मीटर लंबी यह इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद स्थित ‘ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक’ द्वारा निर्मित है और इसे बेस्ट ने पट्टे पर लिया था। उन्होंने बताया कि ऐसी बसों के चालक निजी ऑपरेटर द्वारा उपलब्ध कराए जाते हैं। तारदेव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘बस सिर्फ तीन महीने पुरानी है। इसे इस साल 20 अगस्त को ईवीईवाई ट्रांस नामक कंपनी के नाम पर पंजीकृत किया गया है।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article