शहर

Odisha News: भद्रक जिले में भारी बारिश के बाद 3 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित! Helpline नंबर जारी

ओडिशा में इन दिनों बारी बारिश का दौर जारी है। भद्रक जिले के 3 ब्लॉक में 89 स्कूलों को बंद रखा गया है, जबकि बाढ़ से 244 गांव और लगभग 3 लाख लोग प्रभावित हैं। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया।

Image

ओडिशा के भद्रक में बाढ़ से हालात बेकाबू

Odisha News: ओडिशा में इन दिनों मानसूनी बादल कुछ ज्यादा ही मेहरबान हैं। लगातार भारी बारिश से यहां कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। भारी बारिश और बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए भद्रक में जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। आज यानी सोमवार 24 अगस्त को जिले के तीन ब्लॉक में 89 स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन की ओर से भद्रक, तिहिड़ी और चांदबली ब्लॉक के इन स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है।

भद्रक जिले में बाढ़ के हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। अब तक जिले के पांच ब्लॉक—बरपदा, भंडारीपोखरी, चांदबली, धामनगर और तिहिड़ी की 66 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले कुल 244 गांव बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं।

एंटी-स्नेक वेनम और ORS तैयार!

बाढ़ से लगभग 2 लाख, 99 हजार, 784 लोग प्रभावित हुए हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रखा गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम, ब्लीचिंग पाउडर, हैलोजन टैबलेट और ORS उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सांप काटने के 16 मामले आए सामने

अब तक जिले में सांप काटने के 16 मामले सामने आ चुके हैं और प्रभावित लोगों को एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध कराया गया है। वहीं, 107 डायरिया यानी ADD के मामले सामने आए हैं। लगभग 12 हजार, 786 लोगों को सामान्य बीमारियों के लिए डॉक्टरी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

बीमारियों की रोकथाम को स्वास्थ्य विभाग एक्टिव

बाढ़ के बीच गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 55 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 21 प्रसव सुरक्षित तरीके से कराए गए हैं। बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी व्यवस्था को भी एक्टिव रखा है। अब तक 21 रेक्टल स्वाब और 657 स्थानों से पानी के नमूने इकट्ठा किए गए हैं।

प्रशासन ने इमरजेंसी नंबर जारी किया

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए 16 मेडिकल रिलीफ सेंटर यानी MRC खोले गए हैं। इसके अलावा 8 रैपिड रिस्पॉन्स टीम और 10 मोबाइल हेल्थ यूनिट तैनात की गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से लगातार घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण भी किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों की मदद के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किया है। किसी भी आपात स्थिति में लोग 9439994459 Helpline नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

फिलहाल बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और बीमारी फैलने से रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। भारी बारिश के बीच लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। भद्रक में बाढ़ का असर बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन की तैयारियों के साथ-साथ लोगों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article