देश

BJP छोड़ विजय की पार्टी में शामिल होगा ये एक्टर, तमिलनाडु के बाद केरलम में TVK को बढ़ाने की संभाल सकते हैं बड़ी जिम्मेदारी

Kerala Politics: केरल भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और अभिनेता एस देवन टीवीके में शामिल होंगे। उन्होंने सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली पार्टी में जाने का किया फैसला।

Image

BJP छोड़ विजय की पार्टी में शामिल होगा ये एक्टर, तमिलनाडु के बाद केरलम में TVK को बढ़ाने की संभाल सकते हैं बड़ी जिम्मेदारी

Actor Devan to join TVK: हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने वाले अभिनेता एस देवन ने सोमवार को कहा कि उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) में शामिल होने का फैसला किया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे देवन ने हाल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पद से इस्तीफा देने और पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी।

देवन ने संवाददाताओं से कहा कि टीवीके के प्रतिनिधियों ने दो दिन पहले उनसे मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था। उन्होंने कहा, 'इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक हुई और मैंने निमंत्रण स्वीकार करने का फैसला किया। दस सितंबर को तमिलनाडु में टीवीके नेताओं के साथ बैठक होगी, जिसके बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी।'

देवन ने कहा कि उन्हें टीवीके के प्रदेश अध्यक्ष पद की पेशकश की गई है और आगामी बैठकों के दौरान इस संबंध में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन के दौरान वह कांग्रेस और उसके छात्र संगठन केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) में सक्रिय रूप से शामिल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, जिसके बाद उन्होंने 2004 में अपनी पार्टी बनाने का फैसला किया।

देवन ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केरल में मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में कोई बदलाव लाने में विफल रही है। उन्होंने कहा, 'यहां मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को बदलने के मामले में वे पूरी तरह विफल हैं। लोग बदलाव चाहते हैं।'

BJP में नहीं मिल रही थी पर्याप्त जगह

देवन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत केरल पीपुल्स पार्टी का गठन करके की थी, जिसका 2020 में नाम बदलकर नव केरल पीपुल्स पार्टी कर दिया गया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद 2021 में अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया था और इसके बाद उन्हें पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। हाल में भाजपा छोड़ने के बाद देवन ने कहा था कि उन्हें पार्टी के भीतर काम करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!