एजुकेशन

बिहार के छात्रों को CM सम्राट चौधरी का बड़ा तोहफा, लॉन्च किया ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप, 24X7 शिक्षक मिलेंगे ऑनलाइन

बिहार के विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लॉन्च किया है, जिसके जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 24 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।

Image

बिहार के छात्रों के लिए लॉन्च हुआ ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप (Image - x.com/IPRDBihar/)

बिहार के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 24 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का लाभ राज्य के 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 3 लाख विद्यार्थियों को मिलने की बात कही गई है। खास बात यह है कि विद्यार्थियों को अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ने का मौका मिलेगा। इसके अलावा पढ़ाई से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान ऑनलाइन और मुफ्त में प्राप्त किया जा सकेगा।

ऐप में 24X7 वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट की सुविधा भी दी गई है। इसके लिए करीब 75 हजार शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। यानी विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान किसी विषय या टॉपिक को समझने में परेशानी आती है, तो वे शिक्षक से सीधे मदद ले सकेंगे।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा AI

‘बिहार विद्या साथी’ ऐप में AI आधारित टूल्स और डिजिटल स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थी किसी विषय के कॉन्सेप्ट को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर पाएंगे। इस प्लेटफॉर्म के जरिए सिर्फ बिहार बोर्ड की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी विद्यार्थियों को मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस पहल को बच्चों की पढ़ाई को ज्यादा बेहतर, आसान और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उम्मीद है कि डिजिटल माध्यम से मिलने वाली यह सुविधा खासकर उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जिन्हें अतिरिक्त पढ़ाई या विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article