देश

Swami Prasad Maurya: स्वामी प्रसाद मौर्या की भगवान राम पर टिप्पणी, अब अपनी ही पार्टी सपा के नेता बोले- 'विक्षिप्त आदमी को जब निर्देशों को नहीं सुनना है...

  • Compiled by: रवि वैश्य
  • Updated Feb 8, 2024, 09:00 PM IST

Swami Prasad Maurya Comment on Lord Ram: अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्‍ठा पर सवाल उठाने वाले समाजवादी पार्टी के नेता स्‍वामी प्रसाद मौर्य को लेकर उनकी ही पार्टी के नेता कह रहे हैं- 'जिस व्यक्ति का मानसिक संतुलन ठीक ना हो, वह ऐसे ही बयान देता रहता है'

Image

समाजवादी पार्टी के नेता स्‍वामी प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सपा नेता ही आलोचना कर रहे हैं

Swami Prasad Maurya comment Ram temple : श्रीरामचरित मानस और सनातन धर्म के प्रति कथित विवादित टिप्‍पणियों को लेकर अक्‍सर सुर्खियों में रहने वाले समाजवादी पार्टी के नेता स्‍वामी प्रसाद मौर्य ने अब अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्‍ठा पर सवाल उठाया है जिसकी उनकी अपनी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों ने आलोचना की है।

सपा के विधान परिषद सदस्‍य स्‍वामी प्रसाद मौर्य ने बुधवार को राज्‍यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान रामलला की प्राण-प्रतिष्‍ठा के औचित्‍य पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब रामलला अयोध्‍या में हजारों साल से पूजे जा रहे हैं तो गत 22 जनवरी को अरबों-खरबों रुपए खर्च करके दोबारा प्राण प्रतिष्ठा करने की क्‍या जरूरत थी।

स्‍वामी प्रसाद मौर्य के बयान की सख्त निंदा करते हुये विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने कहा, 'जिस व्यक्ति का मानसिक संतुलन ठीक ना हो, वह ऐसे ही बयान देता रहता है।' उन्होंने कहा कि पार्टी ने कई बार उन्हें इस तरह का बयान देने से मना किया है, लेकिन 'विक्षिप्त आदमी को जब निर्देशों को नहीं सुनना है, तो उसके लिए कोई कुछ नहीं कर सकता।'

पार्टी महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मौर्य के बयान पर संवाददाताओं से कहा, 'धर्म पर प्रपंच नहीं होना चाहिए, अमल होना चाहिए।' भाजपा के इस आरोप पर कि स्‍वामी अखिलेश के कहने पर बयानबाजी कर रहे हैं, यादव ने कहा कि भाजपा तो हमेशा झूठ बोलती है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्‍पतिवार को विधान भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में मौर्य के बयानों के लिये सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जिम्‍मेदार ठहराया।केशव ने कहा कि सपा में अगर कोई कुछ बोलता है तो बिना पार्टी मुखिया के आदेश के नहीं बोल सकता, इसलिए किसी भी प्रकार के बयान के लिए मैं अखिलेश यादव को जिम्मेदार मानता हूं।

BJP Attacks Swami Prasad Maurya: 'समाजवादी पार्टी 2024 में समाप्तवादी पार्टी बनने जा रही है'

सपा पर व्यंग्य करते हुये उन्होंने कहा, 'समाजवादी पार्टी 2024 में समाप्तवादी पार्टी बनने जा रही है और इसके लिये अखिलेश यादव ही जिम्मेदार होंगे।' स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुये भाजपा नेता ने कहा कि अगर वह कार्रवाई नहीं करते हैं तो इस जहरीले बयान के लिए सपा प्रमुख ही जिम्मेदार हैं।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मामले पर कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान बहुत ही दुखद है और जब पूरी दुनिया रामलला के प्राण प्रतिष्ठा पर उत्सव मना रही है, ऐसे में, इस तरह की बयानबाजी करने पर ईश्वर उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने मौर्य के बयान पर कहा कि किसी को भी किसी की धार्मिक आस्था को आहत करने का कोई अधिकार नहीं है, और स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है। मौर्य ने प्राण प्रतिष्ठा के बारे में कहा था कि हजारों साल से राम की वहां (अयोध्‍या) पूजा होती आ रही है तो उसमें प्राण प्रतिष्ठा का प्रश्न कहां उठता है और जब रामलला वहां हजारों साल से पूजे जा रहे हैं तो अरबों-खरबों रुपए खर्च करके दोबारा प्राण प्रतिष्ठा करने का औचित्य क्या था। उन्होंने कहा था, 'रामलला पहले से ही छावनी में थे तो उन्हें ले जाकर मंदिर में स्थापित करना चाहिए था, प्राण प्रतिष्ठा कहां से आ गई।'

समाजवादी पार्टी के भीतर उन नेताओं द्वारा स्वामी प्रसाद मौर्य के राज्य विधानसभा में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Swami Prasad Maurya Comment Over Ramlalla's 'Pran-Pratishtha') को लेकर दिए गए बयान की निंदा करने पर वह कहते हैं, 'पार्टी में भाजपा के कुछ एजेंट हो सकते हैं। अन्यथा, किसी भी बड़े या छोटे नेता ने मेरी बात पर आपत्ति नहीं जताई क्योंकि इसमें भगवान राम की गरिमा के खिलाफ कुछ भी नहीं था...'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article