देश

होर्मुज के पास भारतीय क्रू वाले एक और टैंकर पर हमला, जहाजरानी मंत्री बोले- स्थिति पर हमारी नजर

Hormuz Crisis: होर्मुज स्ट्रेट के पास बुधवार को एक और टैंकर पर हमला हुआ है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि जहाज पर सवार तीनों भारतीयों समेत पूरा क्रू सुरक्षित है।

Image

होर्मुज के पास भारतीय क्रू वाले एक और टैंकर पर हमला (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Hormuz Crisis: अमेरिका और ईरान के बीच जंग का अखाड़ा बने होर्मुज स्ट्रेट के पास बुधवार को एक और टैंकर पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि तेल टैंकर को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया। इस जहाज पर तीन भारतीय नाविक सवार थे।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि होर्मुज के पास लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर पर हमला हुआ। हालांकि, जहाज पर सवार तीनों भारतीयों समेत पूरा क्रू सुरक्षित है।

सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि 18 नवंबर को टैंकर को प्रोजेक्टाइल हमले का निशाना बनाया गया। इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, जहाज पर मौजूद एक भारतीय अधिकारी को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

'स्थिति पर हमारी नजर'

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। साथ ही नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा देखभाल और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के संपर्क में हैं।

दो दिन पहले LPG टैंकर पर भी हुआ था हमला

होर्मुज के पास जहाजों को निशाना बनाए जाने की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब दो दिन पहले 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर एमटी तारा गैस (MT TARA GAS) पर भी मिसाइल हमला हुआ था। इस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे।

विदेश मंत्रालय ने टैंकर पर हुए हमले को लेकर बताया था कि जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब में तट पर पहुंचाया गया था। वहीं, घायल हुए दो भारतीय क्रू के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि एक भारतीय नागरिक लापता था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article