देश

कश्मीर घाटी में बचा हुआ आखिरी और सबसे वांटेड लोकल आतंकी है लतीफ भट, कभी था कॉलेज छात्र, फिर लश्कर से जुड़ गया

18 नवंबर, 2026 को कुलगाम के जंगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया है और सरेंडर करने का अल्टीमेटम दिया है। सेना ने उसके साथ वीडियो कॉल के जरिए बात भी की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इंकार कर दिया।

Image

कौन है आतंकी लतीफ भट?

Photo : ANI

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जारी ताजा मुठभेड़ के बीच एक बार फिर मोहम्मद लतीफ भट (Mohammad Lateef Bhat) का नाम सुर्खियों में है। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उसके सहयोगी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) का यह कमांडर कश्मीर घाटी में बचा हुआ आखिरी और सबसे वांटेड स्थानीय आतंकी माना जाता है। 18 नवंबर, 2026 को कुलगाम के जंगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया है और सरेंडर करने का अल्टीमेटम दिया है। सेना ने उसके साथ वीडियो कॉल के जरिए बात भी की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इंकार कर दिया।

कौन है मोहम्मद लतीफ भट?

मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान (Kherwan) इलाके का रहने वाला है। आतंकी रास्ते पर जाने से पहले वह कॉलेज का छात्र था, लेकिन बीच में ही पढ़ाई छोड़कर वह आतंकी नेटवर्क का हिस्सा बन गया। लतीफ पिछले करीब 5 सालों से लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और वर्तमान में इसके मुखौटा संगठन TRF (The Resistance Front) के स्थानीय कमांडर के रूप में सक्रिय है।

15 लाख का इनामी

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी या सूचना देने पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। सुरक्षा एजेंसियों की लिस्ट में लतीफ भट का नाम दक्षिण कश्मीर में हुई कई बड़ी आतंकी घटनाओं का मास्टरमाइंड या मुख्य आरोपी के तौर पर दर्ज है।

CRPF पोस्ट पर हमला (11 नवंबर 2026)

हाल ही में कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ (CRPF) जवानों की चौकी पर हुए हमले में लतीफ भट मुख्य साजिशकर्ता था। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। हमले से एक दिन पहले (10 नवंबर) वह अपने साथी उमर निसार डार के साथ मीर बाजार, अखरान और किलाम इलाकों की रेकी करते हुए सीसीटीवी में कैद हुआ था।

पुलिसकर्मी की हत्या (जुलाई 2026)

22 जुलाई 2026 को अनंतनाग के व्यस्त लाल चौक इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस हत्याकांड में लतीफ की पहचान हुई थी।

प्रवासी मजदूरों की टारगेट किलिंग

कुलगाम के केलम क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की निर्मम हत्या के मामले में भी जांच एजेंसियों ने लतीफ भट की संलिप्तता पाई थी।

शोपियां मुठभेड़ से बच निकला था

लतीफ पहली बार शोपियां में हुई एक बड़ी मुठभेड़ के बाद चर्चा में आया था, जहां वह आतंकी जाकिर गनई के साथ घिर गया था। पांच दिन चले उस ऑपरेशन में जाकिर मारा गया, लेकिन लतीफ चकमा देकर भागने में सफल रहा था।

मददगार उमर निसार डार ढेर

लारू से लेकर जंगलपोरा मुठभेड़ तक 16 नवंबर को सुरक्षाबलों ने कुलगाम के लारू इलाके में लतीफ भट और उसके मददगार उमर निसार डार को घेर लिया था। उस मुठभेड़ में उमर मारा गया, जबकि लतीफ गोली लगने से घायल होने के बावजूद अंधेरे और इलाके का फायदा उठाकर भाग निकला था। सुरक्षाबलों के लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद 18 नवंबर की सुबह कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में उसे फिर से घेर लिया गया है, जहां दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article