शहर

Rajkot News: एक ही दिन दो जगह गांजे की खेती का भंडाफोड़, साढ़े तीन करोड़ का माल जब्त

Rajkot Ganja Raid: राजकोट ग्रामीण पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को सूचना मिली थी कि छासिया गांव के झरड़ा सीम क्षेत्र में सवजीभाई मिठापरा के खेत में गांजे की खेती की गई है। सूचना के आधार पर SOG की टीम ने खेत पर छापा मारा।

Image

गांजे की खेती (फोटो साभार- TNN)

Rajkot Ganja Raid: राजकोट ग्रामीण पुलिस ने विंछिया थाना क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 719.940 किलो गांजा बरामद किया है। सबसे बड़ी कार्रवाई में छासिया गांव के झरड़ा सीम क्षेत्र स्थित एक खेत से SOG ने 705.490 किलो गांजे के पौधे जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 3.52 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने खेत मालिक 55 वर्षीय सवजीभाई बचुभाई मिठापरा को गिरफ्तार कर लिया है। इसी थाना क्षेत्र में एक दूसरे खेत से भी विंछिया पुलिस की टीम ने गांजे के 7 पौधे बरामद किए हैं।

खेत की मेड़ पर सूख रहे थे 705 किलो गांजे के पौधे

राजकोट ग्रामीण पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को सूचना मिली थी कि छासिया गांव के झरड़ा सीम क्षेत्र में सवजीभाई मिठापरा के खेत में गांजे की खेती की गई है। सूचना के आधार पर SOG की टीम ने खेत पर छापा मारा। तलाशी के दौरान खेत की मेड़ पर सुखाने के लिए रखे गए गांजे के हरे पौधों का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस ने कुल 705 किलो 490 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 3 करोड़ 52 लाख 74 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

राजकोट ग्रामीण SP विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि आरोपी को लगा था कि गांजे के पौधे जितने बड़े होने चाहिए, उतने हो चुके हैं। इसलिए उसने सभी पौधों को काटकर खेत में एक तरफ रख दिया था। हालांकि, पुलिस को इसकी भनक लग गई और टीम ने छापा मारकर पूरा माल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ विंछिया पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई SOG PI एफ.ए. पारगी और PSI जी.जे. झाला के नेतृत्व में की गई। टीम जसदण-विंछिया क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी पुलिसकर्मी विजयभाई वेगड़ और चंदुभाई पलाळिया को मुखबिर से सूचना मिली थी।

कपास की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे

इसी दिन विंछिया थाना क्षेत्र के खरसिया गांव की सीमा में भी गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, पभाभाई मगनभाई पंचाला के खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए गए थे। पुलिस ने खेत से गांजे के 7 पौधे बरामद किए, जिनका कुल वजन 14 किलो 450 ग्राम और अनुमानित कीमत 7 लाख 22 हजार 500 रुपये है। आरोपी पभाभाई मगनभाई पंचाला खरसिया गांव का रहने वाला है।

विंछिया पुलिस को NDPS से जुड़ी कार्रवाई के दौरान मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर PI A C Damor की टीम ने यह छापा मारा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 719 किलो 940 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी संयुक्त अनुमानित कीमत 3 करोड़ 59 लाख 97 हजार रुपये है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article