शहर

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, पुल से 100 मीटर नीचे गिरी बस, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिर गई। SDRF ने करीब 20 घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा है। राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

Image

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस हादसा

Photo : Times Now Digital

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

बस में सवार थे 30 से 35 लोग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के गूलर के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर अब तक लगभग 20 यात्रियों को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस और SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, शिवपुरी और ब्यासी सहित आसपास की पुलिस चौकियों से जवान घटनास्थल पर पहुंचे। SDRF पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गईं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना किए गए हैं। मौके पर क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती सहित पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं। बस में सवार बाकी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान जारी है।

फिलहाल यात्रियों की कुल संख्या, घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। प्रशासन और बचाव दल की प्राथमिकता सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर समय पर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article