Diljit Dosanjh Ahmedabad Concert: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले अहमदाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर धमाल मचा दिया है। ट्रैफिक पुलिस और साइबर क्राइम पुलिस ने मिलकर लोगों को जागरूक करने के लिए एक अनोखी पहल की है। दोनों विभागों ने कॉन्सर्ट से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर मजेदार और क्रिएटिव अंदाज में पोस्ट शेयर की हैं। खास बात ये है कि दिलजीत दोसांझ ने भी ट्रैफिक पुलिस की पोस्ट को कुछ घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम पर रीशेयर कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें दिलजीत के फेमस डायलॉग का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया, "कॉन्सर्ट में गूंजेगा: पंजाबी आ गए ओए! ट्रैफिक रूल्स तोड़ने पर: अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस आ गई ओए!"
अहमदाबाद में होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट
इस पोस्ट के जरिए लोगों को संदेश दिया गया कि कॉन्सर्ट का पूरा मजा लें, लेकिन सेफ्टी का भी ध्यान रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन जरूर करें।कैप्शन में लिखा गया, "कॉन्सर्ट का असली स्वैग सिर्फ म्यूजिक में नहीं, आपकी सेफ्टी में है! मजे करो, लेकिन जिम्मेदारी के साथ। ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वरना चालान कटने पर यही कहेंगे- अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस आ गई ओए!" दिलजीत दोसांझ ने इस पोस्ट को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रीशेयर किया है, जिसके बाद ये पोस्ट और भी ज्यादा वायरल हो गई।
दूसरी तरफ, अहमदाबाद साइबर क्राइम पुलिस ने आज इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर कॉन्सर्ट के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी को लेकर अलर्ट किया। पोस्ट में एक फर्जी अकाउंट @diljit_concert_passes_free का स्क्रीनशॉट दिखाया गया है, जो कॉन्सर्ट के मुफ्त पास जीतने का दावा कर रहा था। इस पर बड़े अक्षरों में 'SCAM ALERT' लिखकर लोगों को ऐसे ऑफर से बचने का संदेश दिया गया है। पोस्ट में पंजाबी अंदाज में लिखा गया, "दिलजीत दे गानों दे दीवाने बनो, ऑनलाइन ठगां दा शिकार ना बनो!"
साथ ही लोगों से मुफ्त कॉन्सर्ट पास और VIP ऑफर के नाम पर आने वाले फर्जी मैसेज से सतर्क रहने की अपील की गई है। साइबर क्राइम पुलिस ने कैप्शन में लिखा, "Be a Diljit fan, not a victim of online scams!" यानी दिलजीत के फैन बनें, ऑनलाइन ठगी का शिकार नहीं। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या भुगतान करने से पहले ऑफर की पुष्टि करने की सलाह दी है।
