शहर

बिहार में फिल्मी अंदाज में लूट, हथियारबंद बदमाशों ने JDU नेता के ज्वेलरी शोरूम से उड़ाए करोड़ों के आभूषण

बिहार के बेतिया शहर में बदमाशों ने दुस्साहस की हदें पार करते हुए सुप्रिया रोड पर स्थित मशहूर 'सेनको गोल्ड एंड डायमंड' शोरूम में सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया।

Image

बेतिया में ज्वेलरी शोरूम में लूट

बिहार के बेतिया शहर में बदमाशों ने दुस्साहस की हदें पार करते हुए सुप्रिया रोड पर स्थित मशहूर 'सेनको गोल्ड एंड डायमंड' शोरूम में सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हथियारों से लैस करीब आधा दर्जन अपराधियों ने इस बड़ी वारदात को बेखौफ होकर अंजाम दिया।

करोड़ों की लूट और 20 मिनट का तांडव

शोरूम के अंदर अपराधियों ने पहली और दूसरी मंजिल पर करीब 20 मिनट तक जमकर तांडव मचाया। इस दौरान आरोपियों ने दोनों तल्लों की तिजोरियों और शोकेस को खंगालते हुए सोने, चांदी और हीरे के बेशकीमती आभूषणों को बैग में भरा और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, यह लूट करोड़ों रुपए की है। हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

विरोध करने पर गार्ड से मारपीट और तोड़फोड़

लूटपाट का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने शोरूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे और एक अन्य कर्मचारी के साथ मारपीट की। बिना हथियारों के मौजूद गार्ड मन्नू चौबे के सिर पर गंभीर चोटें आईं। जाते-जाते अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए दो ग्राहकों के मोबाइल छीनकर तोड़ दिए, साथ ही काउंटर और शोरूम के सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया ताकि कोई फुटेज आसानी से हाथ न लग सके।

किसका है शोरूम?

यह शोरूम जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वृजेश कुशवाहा के भाई राकेश कुमार उर्फ राजू का है।

पुलिस महकमे में हड़कंप और जांच तेज

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। डीआईजी हरकिशोर राय, एसपी कुमार गौतम और सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार सहित करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटॉरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी मैदान में उतारा गया।

डीआईजी और एसपी ने खुद मौके पर कैंप करते हुए करीब पांच घंटे तक शोरूम के भीतर पड़ताल की और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान के लिए उनकी बाइकों के नंबरों को भी सीसीटीवी से निकाला गया है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले की नाकाबंदी कर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article