Igas Bagwal: पहाड़ों की दिवाली, बूढ़ी दिवाली, बड़ी दिवाली और इगास बग्वाल ये कुछ नाम हैं जो उत्तराखंड के पहाड़ों में दिवाली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले पर्व के लिए इस्तेमाल होते हैं। पहाड़ी अंचल में यह पर्व दिवाली जैसा ही महत्व रखता है। एक तरह से यह पहाड़ों की दिवाली ही है। जैसा कि आप जानते हैं कार्तिक अमावस्या के दिन बड़ी ही धूमधाम से देश और दुनियाभर में दिवाली का पर्व मनाया जाता है। इसके 11 दिन बाद एकादशी को इगास बग्वाल मनाई जाती है। इगास बग्वाल को लेकर कई कथाएं प्रचलित हैं, लेकिन धार्मिक कथाओं से अलग इसका संदर्भ इतिहास की एक घटना से जुड़ता है। यह ऐतिहासिक कहानी गढ़वाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी से जुड़ी है।
भड़ कौन होते थे?
गढ़वाल अंचल में भड़ शब्द सुनते ही वीरता और पराक्रम की कहानियां याद आने लगती हैं। दरअसल यह शब्द गढ़वाल के इतिहास और लोकसंस्कृति से जुड़ा है। यह शब्द अत्यंत साहसी, महापराक्रमी वीर और वीर योद्धा से जुड़ा है। मध्यकाल में समूचे पहाड़ी क्षेत्र में कई छोटे-छोटे हिस्सों पर अलग-अलग राजवंश राज करते थे। कहा जाता है कि उस समय गढ़वाल में कुल 52 गढ़ थे, जिन्हें बाद में मिलाकर एक गढ़वाल बनाया गया। गढ़वाल में इन गढ़ों की रक्षा करने वाले जांबाज सेनानायकों, बाहुबलियों और असाधारण युद्ध कौशल दिखाने वाले वीरों को भड़ की उपाधि दी जाती थी, उन्हें वीर भड़ कहते थे। माधो सिंह भंडारी भी ऐसे ही एक वीर भड़ थे।
कौन थे माधो सिंह भंडारी?
माधो सिंह भंडारी मध्यकाल में गढ़वाल के प्रसिद्ध भड़ यानी वीर योद्धा थे। उनका इतिहास 17वीं शताब्दी का है और माना जाता है कि वह मौजूदा उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल के मलेथा गांव के मूल निवासी थे। उनके पिता कालो भंडारी भी अपने समय में काफी प्रसिद्ध थे। माधो सिंह भंडारी ने गढ़वाल के उस समय के राजाओं के शासनकाल में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। बताया जाता है कि माधो सिंह पहले राजा महीपत शाह, फिर रानी कर्णावती और उसके बाद पृथ्वीपति शाह के वजीर रहे। उन्होंने लंबे समय तक सेनानायक के तौर पर काम किया। तत्कालीन गढ़वाल की सैन्य और प्रशासनिक व्यवस्था में उनका स्थान काफी अहम था। माधो सिंह भंडारी की वीरता का गुणगान करते हुए आज भी गढ़वाल अंचल में गीत गाए जाते हैं।
माधो सिंह भंडारी और इगास बग्वाल का क्या संबंध है?
जैसा कि हमने ऊपर बात की कि गढ़वाल के पहाड़ो में इगास बग्वाल को Diwali की तरह मनाया जाता है। प्रश्न ये उठता है कि इगास बग्वाल यानी बूढ़ी दिवाली का मध्यकाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी से क्या संबंध है? उस दौर में गढ़वाल और तिब्बत के सरदारों के बीच अक्सर युद्ध होते रहते थे। कहा जाता है कि ऐसे ही एक युद्ध में उलझे माधो सिंह, दिवाली तक अपनी राजधानी श्रीनगर गढ़वाल नहीं लौट पाए। राजा और प्रजा को लगा कि उनकी सेना युद्ध हार गई है और माधो सिंह युद्ध में मारे गए हैं, ऐसे में कार्तिक अमावस्या पर दिवाली नहीं मनाई गई। दिवाली के बाद जब माधो सिंह भंडारी और उनकी सेना के युद्ध जीतने और सुरक्षित वापस लौटने की खबर मिली तो राजा की सहमति से एकादशी के दिन दिवाली मनाई गई। मान्यता है कि इस घटना से ही इगास बग्वाल की शुरुआत हुई।

गढ़वाल में इगास बग्वाल का लुत्फ लेते स्थानीय लोग (फोटो साभार - सतीश सेमवाल)
इगास को आज भी गढ़वाल अंचल में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह पर्व सिर्फ दिवाली को कुछ दिन बाद मनाने की परंपरा नहीं है, बल्कि इसके पीछे माधो सिंह भंडारी और उनकी सेना की वीरता, युद्ध, सीमाओं की सुरक्षा और लोकविश्वास से जुड़ी एक कहानी भी सुनाई जाती है।
इगास बग्वाल में क्या-क्या होता है?
इगास के अवसर पर भी दिवाली की ही तरह घरों की सफाई करने के बाद लीपकर तैयार किया जाता है। आंगन और छतों पर तेल के दीये जलाए जाते हैं और घर को दिवाली की तरह ही सजाया जाता है। इस दिन पारंपरिक पकवान भी बनाए जाते हैं, जिसमें अरसा (अनरसा), पूआ, स्वाले (पूड़ी), उड़द की दाल और मीठे में झंगोरे की खीर जैसे पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। खेती-किसानी इस पहाड़ी अंचल की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा रही है, यही कारण है कि इगास बग्वाल के अवसर पर पारंपरिक तौर पर गाय-बैल को नहलाकर हल्दी और सरसों के तेल से उनका श्रृंगार किया जाता है और उन्हें विशेष पकवान खिलाए जाते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पहाड़ों के सीढ़ीनुमा खेतों में हल चलाने में बैलों की अहम भूमिका होती है और दूध की जरूरत गाय से पूरी होती है।

इस तरह से लकड़ियों की गठरी बनाकर भैलो बनाया जाता है (फोटो साभार - अंशुल सेमवाल)
लोकगीत, डांस और भैलो खेलना
इगास बग्वाल के अवसर पर रात के समय ग्रामीण इकट्ठा होकर ढोल-दमऊ की थाप पर पारंपरिक लोकगीत गाते हैं। इस दौरान सामूहिक रूप से लोकनृत्य भी किए जाते हैं। इस त्योहार की सबसे खास परंपरा भैलो खेलना है। एकादशी के दिन शाम के समय चीड़ की लकड़ी या सूखी डंडियों और घास से बने मशाल (भैलो) को रस्सी से बांधकर आग लगा दी जाती है। इसके बाद भैलो खेलने वाला शख्स उसे खुले आंगन में गोल-गोल घुमाता है।
कुछ गांवों में दिवाली और इगास बग्वाल दोनों की परंपरा
गढ़वाल में इगास धीरे-धीरे एक लोकपर्व के रूप में स्थापित हो गया। इसे दिवाली की तरह ही मनाया जाता है, लेकिन इसकी तारीख दिवाली के बाद आती है। समय के साथ अलग-अलग गांवों में इस परंपरा का पालन भी अलग-अलग तरीके से होने लगा। पहाड़ी अंचल के कुछ गांवों में अमावस्या की दिवाली ही मनाई जाने लगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में इगास की परंपरा जारी रही। कई गांवों में दोनों पर्व मनाने की परंपरा आज भी है। इस तरह इगास बग्वाल गढ़वाल की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन गई।
