देश

'डोर-टू-डोर जाकर माफी मांगें अखिलेश, तब भी जनता नहीं करेगी माफ', पंकज चौधरी ने सपा सुप्रीमो की रथयात्रा पर बोला हमला

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक यात्राएं निकालने से सपा अपने पुराने शासनकाल के सवालों से बच नहीं सकती। जनता को नारों और मंचों से ज्यादा सुरक्षा, सम्मान और विकास से जुड़े सवालों के जवाब चाहिए।

Image

पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर बोला हमला। (चित्र साभार: X/@mppchaudhary)

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में भले ही अभी देर हो, लेकिन सूबे का सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की तरफ से जुबानी तीर छोड़े जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव डोर-टू-डोर जाकर माफी भी मांग लें, तब भी जनता सपा सरकार के पुराने कारनामों को माफ नहीं करेगी। अखिलेश यादव पर रथयात्रा निकालने, नारे लगाने और रोड शो करने से सपा अपने शासनकाल के कारनामों से जनता का ध्यान नहीं भटका सकती। अखिलेश यादव को राजनीतिक दिखावे के बजाय अपने शासनकाल में हुई घटनाओं और जनता के साथ किए गए अन्याय के लिए जवाब देना चाहिए।

सपा शासनकाल में था अपराधियों और गुंडों का डर

उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में अपराधियों और गुंडों के डर से माताओं-बहनों को अपने ही घरों में कैद रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था। महिलाओं ने भय के माहौल में अपने सपनों और आकांक्षाओं को दबाया था। प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है। पंकज चौधरी ने कहा कि गाजियाबाद से गोरखपुर तक कितनी भी शो-बाजी कर ली जाए, कितने भी नारे लगा लिए जाएं और वैनिटी वैन पर सवार होकर कितने भी चक्कर लगा लिए जाएं, इससे सपा के प्रति जनता का नजरिया नहीं बदलने वाला। राजनीतिक यात्राओं और आयोजनों से शासनकाल की जवाबदेही खत्म नहीं हो जाती।

विकास के नाम पर खोखले दावे करना सपा की राजनीति के पहलू

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश सपा के अहंकार, परिवारवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और नाकामियों का पूरा हिसाब जानता है। उन्होंने कहा कि जातिवादी राजनीति को बढ़ावा देना, अपराधियों को संरक्षण देने की परंपरा और विकास के नाम पर खोखले दावे करना सपा की राजनीति के वे पहलू हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता आज भी याद रखती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक यात्राएं निकालने से सपा अपने पुराने शासनकाल के सवालों से बच नहीं सकती। जनता को नारों और मंचों से ज्यादा सुरक्षा, सम्मान और विकास से जुड़े सवालों के जवाब चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश को यह समझना होगा कि केवल राजनीतिक आयोजन करने से पुराना रिकॉर्ड नहीं बदल जाता।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सब देख रही है और सपा के राजनीतिक दिखावे तथा उसके शासनकाल के कारनामों के बीच अंतर भी समझती है। जनता के सामने सपा का अतीत और उसका राजनीतिक आचरण दोनों मौजूद हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article