देश

3 KM की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा चक्रवात 'अकवान', ओडिशा में निकाले जाएंगे 2 लाख लोग, IMD का ताजा अपडेट

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और आज यानी 18 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर की शाम तक इसके और शक्तिशाली होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है।

Image

ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा चक्रवात 'अकवान'।

Photo : PTI

Cyclone 'Akvan' latest update: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ पिछले छह घंटों के दौरान 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि ‘अकवन’ 17 नवंबर 2026 को रात 11:30 बजे दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। इसका केंद्र 12.5° उत्तरी अक्षांश और 85.6° पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह तूफान चेन्नई से लगभग 590 किलोमीटर पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 640 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 630 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 630 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और गोपालपुर (ओडिशा) से 760 किलोमीटर दक्षिण में था।

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और आज यानी 18 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर की शाम तक इसके और शक्तिशाली होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है।

20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर 2026 को दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश एवं यनम के तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

सुरक्षित जगह पर जाएंगे दो लाख से अधिक लोग

चक्रवात 'अकवान’ के तट के करीब पहुंचने के मद्देनजर ओडिशा सरकार संवेदनशील इलाकों, खासकर भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों से दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के शुक्रवार को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में दस्तक देने का अनुमान है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में चक्रवात से निपटने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुजारी ने कहा कि भूस्खलन राज्य के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरा है, जबकि बाढ़ और चक्रवात से निपटने के लिए राज्य में पहले से ही पर्याप्त व्यवस्थाएं मौजूद हैं।

ओडिशा के छह जिले संवेदनशील घोषित

पुजारी ने बताया कि पिछले महीने आए चक्रवात के दौरान हुई 11 मौतों में से 10 भूस्खलन के कारण हुई थीं। उन्होंने कहा कि सरकार दक्षिणी ओडिशा के पहाड़ी इलाकों की तलहटी और चोटियों पर बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एहतियाती कदम उठा रही है। अधिकारियों ने बताया कि गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट समेत छह जिलों को भूस्खलन की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों की सूची में रखा गया है।

अलर्ट पर है प्रशासन

विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) के कार्यालय ने ओडिशा सुदूर संवेदी अनुप्रयोग केंद्र (ओआरएसएसी) से इन जिलों में भूस्खलन की आशंका वाले गांवों और सड़कों की उपग्रह तस्वीरें तथा भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) पर आधारित नक्शे उपलब्ध कराने को कहा है। एसआरसी राजेश पी. पाटिल ने कहा कि इस आकलन से जिला प्रशासन को अधिक जोखिम वाले इलाकों की पहचान करने और समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ सड़कों की मरम्मत कर यातायात बहाल करने के लिए कदम उठाने में मदद मिलेगी।

तमिलनाडु : मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण तेज हवाओं को देखते हुए, तमिलनाडु मत्स्य विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। थूथुकुडी बंदरगाह पर जहाजों को खड़ा कर दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार आज यह तूफान एक 'गंभीर चक्रवाती तूफान' का रूप ले लेगा, कल शाम तक एक 'बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदल जाएगा, और 20 नवंबर की दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराएगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article