NEET UG पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने बड़ा फैसला लिया है। कोर्ट ने मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ CBI की ओर से लगाई गई सभी धाराओं में आरोप तय करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत भी आरोप तय किए गए हैं।
अदालत ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया है। वहीं, मामले में 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई यानी डे-टू-डे ट्रायल शुरू होगा।
किन धाराओं के तहत तय हुए आरोप?
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 238, 316(5), 317(2) और 318(4) के तहत आरोप तय किए हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(a) के तहत भी आरोप तय किए गए हैं। वहीं, सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2024 की धारा 3, 4, 5, 10 और 11 के तहत भी आरोप तय किए गए हैं। इसके साथ ही कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 भी आरोपों में शामिल की गई है।21 नवंबर को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश होने का निर्देश
विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। इस दिन आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से चार्ज फ्रेम किए जाएंगे। इसके बाद 25 नवंबर से मामले में रोजाना सुनवाई शुरू होगी।CBI ने दाखिल की थी 20 हजार पन्नों की चार्जशीट
NEET UG पेपर लीक मामले की जांच CBI कर रही है। जांच एजेंसी ने इस मामले में करीब 20 हजार पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया है। CBI ने जुलाई में मामले में अपनी पहली चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने 12 अगस्त को CBI की चार्जशीट पर संज्ञान लिया था।
