शहर

जयपुर में बड़ा बुलडोजर एक्शन, न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, 20 निर्माण होंगे ध्वस्त

जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए JDA ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हाईकोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई दो सप्ताह में पूरी करनी है।

Image

न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची JDA की टीम

Photo : ANI

Jaipur Demolation Drive: जयपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने एक बड़ा कदम उठाया है। न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में शुरू हुई कार्रवाई

जेडीए की टीमें बुलडोजर, डंपर, ट्रैक्टर और पोकलेन जैसी भारी-भरकम मशीनों के साथ तय समय पर मौके पर पहुंची। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विरोध से निपटने के लिए भारी पुलिस जाप्ता भी मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारियों की देखरेख में होटल लजीज से लेकर गुर्जर की थड़ी तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से में सड़क सीमा के दायरे में आ रहे लगभग 20 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।

यातायात रहेगा प्रभावित

सड़क चौड़ीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के चलते गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात बाधित रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

हाईकोर्ट के निर्देश पर हो रही कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के तहत की जा रही है, जिसके तहत जेडीए को यह अभियान दो सप्ताह के भीतर पूरा करना है। इस योजना के जमीन पर उतरने से न्यू सांगानेर रोड पर आने वाले दिनों में ट्रैफिक का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की पूरी उम्मीद है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article