भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा और हवाई हमलों से निपटने की क्षमता को मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने बुधवार को इजरायल की कंपनी इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का समझौता किया है। इसके तहत भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा। इस अपग्रेड से मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में व्यापक बदलाव होंगे। साथ ही इसकी हवाई रक्षा क्षमता को और मजबूत किया जाएगा।
क्या है भारत और इजरायल के बीच हुई डील?
रक्षा मंत्रालय ने इस समझौते के बारे में जानकारी दी है। सिस्टम के अपग्रेड से इंडियन नेवल प्लेटफॉर्म के बेहतर फीचर्स और पोटेंशियल रेंज एंटी-एयर डिफेंस कैपेबिलिटी पक्की होगी। मंत्रालय ने कहा कि यह समझौता अन्य पूंजीगत खरीद प्रक्रिया के तहत किया गया है। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इस पर हस्ताक्षर हुए। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बराक मिसाइल सिस्टम को अपग्रेड करना है। इसके तहत हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का व्यापक ओवरहाल किया जाएगा। इससे सिस्टम में नई सुविधाएं जुड़ेंगी और दुश्मन के हवाई हमलों से निपटने की क्षमता बेहतर होगी। हालांकि, रक्षा मंत्रालय ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि नौसेना के किन-किन युद्धपोतों पर यह अपग्रेड किया जाएगा और परियोजना को पूरा होने में कितना समय लगेगा।
क्या है बराक मिसाइल सिस्टम?
भारतीय नौसेना में इस्तेमाल होने वाला बराक पॉइंट डिफेंस सिस्टम बराक-1 है। इसे वर्ष 2000 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। यह युद्धपोतों को दुश्मन के लड़ाकू विमानों, एंटी-शिप मिसाइलों और मानवरहित हवाई वाहनों (UAV) से बचाने के लिए तैयार किया गया है। यह कम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। इसका मुख्य काम दुश्मन के हवाई खतरे को युद्धपोत तक पहुंचने से पहले ही नष्ट करना है। भारतीय नौसेना ने अक्टूबर 2000 में इजरायल के साथ सात बराक सिस्टम के लिए 199.50 मिलियन डॉलर और 200 मिसाइलों के लिए 69.13 मिलियन डॉलर के अनुबंध किए थे।युद्धपोतों पर तैनात है मिसाइल प्रणाली
बराक-1 मिसाइल सिस्टम भारतीय नौसेना के कई महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म का हिस्सा है। इनमें दिल्ली क्लास के विध्वंसक युद्धपोत भी शामिल हैं। इन युद्धपोतों के मिड-लाइफ रिफिट के दौरान अतिरिक्त आठ सेल वाले वर्टिकल लॉन्च मॉड्यूल लगाए गए थे। इससे प्रत्येक जहाज पर मिसाइलों की क्षमता बढ़कर 32 हो गई।
गौरतलब है कि इजरायल की IAI कंपनी भारत के साथ बराक-8 मिसाइल परियोजना में भी साझेदार रही है। DRDO और IAI ने मिलकर बराक-8 विकसित की थी, जिसे भारतीय नौसेना में लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (LRSAM) के रूप में शामिल किया गया है।
