देश

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष ने बदला 'खेल का मैदान'! अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपने की तैयारी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार के बड़े प्रदर्शन के बाद आज INDIA ब्लॉक के 150 से ज्यादा सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपने की तैयारी में हैं।

Image

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अब राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने की तैयारी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (CEC Gyanesh Kumar) के खिलाफ विपक्ष का आंदोलन अब सड़कों से आगे बढ़ता दिख रहा है। INDIA ब्लॉक के सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांग रहे हैं। विपक्षी सांसद राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयोग से जुड़ी अपनी मांगें रखने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, आज यानी बुधवार 7 अक्टूबर को होने वाली लंच मीटिंग में 150 से ज्यादा विपक्षी सांसद ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। इसमें CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी शामिल होगी।

राष्ट्रपति से मिलने का इंतजार

INDIA ब्लॉक के सूत्रों के मुताबिक विपक्ष राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए शुक्रवार तक इंतजार करेगा। अगर तब तक समय नहीं मिलता है तो विपक्ष एक बार फिर विरोध मार्च निकालने पर विचार कर रहा है।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब SIR को लेकर चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर उसकी चिंताओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।

मंगलवार को दिल्ली में हुआ था हाई-वोल्टेज प्रदर्शन

इससे पहले कल यानी मंगलवार 6 अक्टूबर को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से मुलाकात और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी आकाशवाणी भवन के पास पहुंच गए। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई विपक्षी नेताओं ने आकाशवाणी भवन में ही धरना दिया। बाद में देर शाम पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

किसी ने मुलाकात का समय नहीं मांगा - चुनाव आयोग

चुनाव आयोग ने कहा कि मंगलवार शाम 4 बजे तक किसी राजनीतिक दल ने आयोग से औपचारिक रूप से मुलाकात का समय नहीं मांगा था। आयोग का कहना है कि बाद में दिल्ली पुलिस से सूचना मिली कि सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहता है।

ECI ने कहा कि उसके निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत राजनीतिक दलों या संयुक्त प्रतिनिधिमंडल को अपने अधिकृत प्रतिनिधियों के जरिए पहले से समय लेना होता है और ऐसी बैठक आयोग के परिसर में होती है।

आज AAP भी प्रदर्शन में शामिल

विपक्ष की रणनीति अब कांग्रेस तक सीमित नहीं है। मंगलवार के मार्च से दूर रही आम आदमी पार्टी आज यानी बुधवार को दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन में शामिल हो रही है। कांग्रेस, वाम दलों और अन्य विपक्षी समूहों के साथ AAP भी आज मोर्चा संभाल रही है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया में कथित 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। चुनाव आयोग इन आरोपों को खारिज कर चुका है और मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया का बचाव किया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article